नशामुक्ति को जनआंदोलन बनाने का आह्वान, लखीसराय में कृषि मंत्री ने दिलाई शपथ
- Post By Admin on Aug 02 2026
लखीसराय : भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा भारत द्वारा आयोजित "नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान" के तहत रविवार को राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, लखीसराय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने युवाओं को नशे से दूर रहकर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा और जिलाधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से गुब्बारे उड़ाकर नशामुक्ति का संदेश देने के साथ हुआ। आगमन पर जिलाधिकारी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद सभागार में दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन को सामूहिक रूप से सुना।
अपने संबोधन में कृषि मंत्री ने कहा कि नशामुक्त, स्वस्थ और जागरूक युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने बताया कि बिहार विधानसभा अध्यक्ष रहते हुए 21 अक्टूबर 2021 को उन्होंने पूरे राज्य में नशामुक्ति जनजागरण अभियान की शुरुआत की थी, जो आज भी लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान की तरह नशामुक्ति अभियान भी जनभागीदारी के बल पर व्यापक जनआंदोलन का रूप ले सकता है। उन्होंने युवाओं से नशे के दुष्प्रभावों को समझने और समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की। साथ ही विकसित भारत के निर्माण के लिए नशामुक्त जीवनशैली अपनाने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम में जिले के वरीय प्रशासनिक अधिकारी, राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक एवं कर्मचारी, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में अपर समाहर्ता ने धन्यवाद ज्ञापित किया।