लखीसराय में सड़क सुरक्षा समिति व खनन टास्क फोर्स की बैठक, ब्लैक स्पॉट और अवैध खनन पर फोकस
- Post By Admin on Aug 01 2026
लखीसराय: समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में शनिवार को जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं जिला खनन टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर संबंधित विभागों को कई आवश्यक निर्देश दिए गए।
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, ओवरस्पीडिंग तथा नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सघन अभियान चलाने पर जोर दिया गया। जिला पदाधिकारी ने दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) की पहचान कर वहां शीघ्र सुधारात्मक कार्य कराने का निर्देश दिया। साथ ही सड़क सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता अभियान लगातार चलाने और बड़े वाहनों की संयुक्त जांच के लिए पहलवान चौक पर विशेष जांच अभियान संचालित करने को कहा।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी निर्णयों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों में तेजी लाई जाए। इसके बाद आयोजित जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक में जिले में अवैध खनन, अवैध परिवहन और खनिजों के अवैध भंडारण के विरुद्ध चल रही कार्रवाई की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों को नियमित जांच अभियान चलाने तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने राजस्व संरक्षण के लिए खनन गतिविधियों की सतत निगरानी पर भी बल दिया।
बैठक में सभी संचालित बालू घाटों पर उपलब्ध स्टॉक का सक्षम अधिकारियों से माप-तौल कराकर विस्तृत प्रतिवेदन शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही माप-तौल निरीक्षक द्वारा बालू संग्रहण केंद्रों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने तथा केवल कागजों पर संचालित हो रहे बालू संग्रहण केंद्रों का निबंधन रद्द करने के निर्देश भी दिए गए। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि विधि-व्यवस्था बनाए रखते हुए सड़क सुरक्षा और अवैध खनन के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। बैठक में पुलिस, परिवहन, पथ निर्माण, स्वास्थ्य, नगर निकाय, खनन, राजस्व सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।