कला, सड़क सुरक्षा और अनुशासन के संदेश के साथ इंडक्शन प्रोग्राम का समापन

  • Post By Admin on Aug 01 2026
कला, सड़क सुरक्षा और अनुशासन के संदेश के साथ इंडक्शन प्रोग्राम का समापन

लखीसराय: राजकीय पॉलिटेक्निक लखीसराय में आयोजित चार दिवसीय इंडक्शन प्रोग्राम का शनिवार को भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम के अंतिम दिन कला, संस्कृति, स्वास्थ्य, सड़क सुरक्षा और यातायात जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। पूरे आयोजन में छात्र-छात्राओं का उत्साह देखने लायक रहा।

समापन समारोह में जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी मृणाल रंजन, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मनी तथा मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) प्रतीक कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार रंजन द्वारा अतिथियों का अंगवस्त्र देकर स्वागत करने के साथ हुई। मंच संचालन योगाचार्य ज्वाला ने किया। जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी मृणाल रंजन ने विद्यार्थियों को जीवन में कला के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि संगीत और विभिन्न राग मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव डालते हैं। उन्होंने छात्रों से अपनी प्रतिभा को पहचानने और उसे निखारने का आह्वान किया।

मोटर वाहन निरीक्षक प्रतीक कुमार ने सड़क सुरक्षा को लेकर विद्यार्थियों को जागरूक किया। उन्होंने वाहन चलाते समय हाई बीम और लो बीम के सही उपयोग, इंडिकेटर लाइट के महत्व तथा हेलमेट पहनकर दोपहिया वाहन चलाने की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी। जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मनी ने ट्रैफिक सिग्नल और यातायात नियमों की जानकारी देते हुए कहा कि चालान का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से हमेशा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान योगाचार्य ज्वाला के प्रभावशाली मंच संचालन ने पूरे आयोजन में ऊर्जा और उत्साह बनाए रखा। समापन अवसर पर प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार रंजन ने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों, कर्मियों एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए चार दिवसीय इंडक्शन प्रोग्राम के सफल समापन की घोषणा की। इस अवसर पर संस्थान के सभी व्याख्याता, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।