स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों में जुटा प्रशासन, डीएम ने दिए जरूरी निर्देश
- Post By Admin on Aug 01 2026
लखीसराय: आगामी 15 अगस्त को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर शनिवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समारोह की सभी तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में ध्वजारोहण स्थल की रंगाई-पुताई एवं साफ-सफाई की समीक्षा की गई। भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि रंगाई-पुताई का कार्य प्रगति पर है, जबकि नगर परिषद को ध्वजारोहण स्थल एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देने के लिए छह टुकड़ियों में एनसीसी के महिला एवं पुरुष कैडेट्स की तैनाती की जाएगी। परेड का नेतृत्व सितेश कुमार एवं सौरभ कुमार करेंगे, जबकि ड्रम सेट की व्यवस्था दुर्गा बालिका विद्यालय की टीम करेगी। इसके संचालन में दिलीप कुमार और हिमांशु कुमार सहयोग करेंगे।
जिला पदाधिकारी ने निमंत्रण पत्र एवं वीआईपी कार्ड की तैयारी की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारी को अगली बैठक में इसकी विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। वहीं जिला विकास शाखा ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अभिभाषण के लिए विभिन्न विभागों से आवश्यक सूचनाएं मांगी गई हैं। पूर्वाभ्यास में शामिल होने वाले लगभग 250 बच्चों के लिए पेयजल, नाश्ता एवं बिस्किट की व्यवस्था करने का निर्देश नजारत उपसमाहर्ता को दिया गया। साथ ही मंच व्यवस्था एवं सजावट के लिए विस्तृत चेकलिस्ट तैयार करने को कहा गया।
बरसात के मौसम को देखते हुए इस बार फैंसी मैच के स्थान पर बैडमिंटन जैसे इंडोर खेल आयोजित करने पर विचार किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारी की जिम्मेदारी जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी को सौंपी गई तथा पूरे कार्यक्रम का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम पहले से तैयार करने का निर्देश दिया गया। बैठक में स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए अनुमंडल कार्यालय से समन्वय कर सूची उपलब्ध कराने को कहा गया। साथ ही नगर परिषद को शहर के शहीद द्वार एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित प्रतिमाओं की साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। रंगोली निर्माण की जिम्मेदारी जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस) को सौंपी गई, जबकि महादलित टोलों में ध्वजारोहण के लिए स्थल एवं शिक्षकों की सूची तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि ध्वजारोहण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का विस्तृत प्रारूप पहले से तैयार किया जाए तथा झंडा फहराने की प्रक्रिया में किसी प्रकार की त्रुटि न हो, इसके लिए एक जिम्मेदार पदाधिकारी को नामित किया जाए। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी को समारोह में विद्यार्थियों एवं नागरिकों की पर्याप्त भागीदारी सुनिश्चित कराने का भी निर्देश दिया। बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, स्थापना उपसमाहर्ता शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी मृणाल रंजन सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।