सड़क सुरक्षा को लेकर चला अभियान, हेलमेट जांच में ₹1.26 लाख जुर्माना
- Post By Admin on Jul 30 2026
लखीसराय: सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी के मार्गदर्शन में गुरुवार को विशेष हेलमेट जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। यह अभियान बी.एड. कॉलेज से बायपास रोड मोड़ तक संचालित किया गया, जहां बड़ी संख्या में दोपहिया वाहनों की जांच की गई।
अभियान के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ), मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई) एवं परिवहन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से वाहन जांच की। बिना हेलमेट वाहन चलाते पाए गए चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने के महत्व की जानकारी भी दी गई।
जांच अभियान के दौरान विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन पर कुल 1 लाख 26 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। अधिकारियों ने वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने, हेलमेट का नियमित उपयोग करने तथा सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने के लिए प्रेरित किया। जिला परिवहन पदाधिकारी ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए हेलमेट का नियमित उपयोग करें और सभी यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर ऐसे जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।