मंडल कारा का विधिक निरीक्षण, जेल में सुविधाओं का लिया जायजा

  • Post By Admin on Jul 30 2026
मंडल कारा का विधिक निरीक्षण, जेल में सुविधाओं का लिया जायजा

लखीसराय: जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विधानंद सागर ने गुरुवार को मंडल कारा, लखीसराय का निरीक्षण कर बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं विधिक सहायता व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कारा प्रशासन को आवश्यक सुधारात्मक निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल प्रजापति झा, सहायक लीगल एड डिफेंस काउंसिल कमलेश कुमार, कर्मी संतोष कुमार एवं सदानंद कुमार भी मौजूद रहे। टीम ने बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही विधिक सहायता, बहुउद्देशीय कक्ष, पाठशाला, अस्पताल तथा विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। इस दौरान बंदियों को बताया गया कि जो आर्थिक रूप से अधिवक्ता रखने में सक्षम नहीं हैं, उन्हें जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए इच्छुक बंदी आवेदन देकर कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

सचिव ने बंदियों से उनकी समस्याओं के संबंध में भी जानकारी ली। पूछताछ के दौरान किसी भी बंदी ने कोई विशेष शिकायत दर्ज नहीं कराई। निरीक्षण के क्रम में यह भी पाया गया कि मंडल कारा में पंजाब नेशनल बैंक के सहयोग से 12 दिवसीय बकरी पालन प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण पूरा होने पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा तथा स्वरोजगार के लिए रियायती दर पर ऋण सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। निरीक्षण के दौरान कारा परिसर में कई स्थानों पर फर्श क्षतिग्रस्त पाया गया, जिसे शीघ्र मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया। वहीं मुलाकाती हेल्प डेस्क के बाहर फर्श पर पानी और काई जमा होने के कारण आवागमन में हो रही असुविधा पर भी संज्ञान लेते हुए कारा प्रशासन को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।