कृषि मंत्री ने किया श्रावणी मेले का उद्घाटन, अशोकधाम में श्रावणी मेला शुरू

  • Post By Admin on Jul 30 2026
कृषि मंत्री ने किया श्रावणी मेले का उद्घाटन, अशोकधाम में श्रावणी मेला शुरू

लखीसराय: श्रावण मास के प्रथम दिन ऐतिहासिक इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर, अशोकधाम में श्रावणी मेला-2026 का भव्य शुभारंभ बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उद्घाटन के साथ ही पूरा अशोकधाम परिसर "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष से गूंज उठा तथा श्रद्धालुओं में उत्साह और आस्था का माहौल देखने को मिला।

कृषि मंत्री के आगमन पर जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन से हुई, जिसके बाद अतिथियों का औपचारिक स्वागत एवं सम्मान किया गया। इसके बाद कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, सूर्यगढ़ा विधायक रामानंद मंडल, जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार तथा अन्य अधिकारियों ने श्री इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना एवं रुद्राभिषेक किया। इस दौरान प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि, किसानों के कल्याण, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य तथा जनमानस के स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की कामना की गई।

जिला पदाधिकारी ने अपने संबोधन में श्रावणी मेले की ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिला प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेले में सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल, यातायात, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सहायता तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की गई है। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने श्रद्धालुओं को श्रावणी मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जिला प्रशासन की तैयारियों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित वातावरण मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शुरू किए गए अन्नपूर्णा भोजनालय का फीता काटकर उद्घाटन किया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से पौधारोपण भी किया गया। कार्यक्रम का समापन बिहार गीत के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, मीडिया प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।