लखीसराय : बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में शनिवार को लखीसराय में नगर निकाय एवं भूमि से जुड़े मामलों को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहरी विकास योजनाओं, नागरिक सुविधाओं और आधारभूत संरचना से संबंधित कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान स्वच्छता, सड़क, जलापूर्ति और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया। उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ किया जाए, ताकि शहरवासियों को दीर्घकालिक और टिकाऊ सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
बैठक में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा अपनी उपलब्धियों की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि जिले में लंबित 60 दाखिल-खारिज मामलों का निष्पादन कर उन्हें शून्य कर दिया गया है, जिसे प्रशासनिक पारदर्शिता और कार्यकुशलता का उदाहरण बताया गया।
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि शहरों का सुव्यवस्थित विकास और नागरिकों को बेहतर जीवनस्तर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में जिला प्रशासन के अधिकारी, नगर निकाय पदाधिकारी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




















