लखीसराय में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी का जोरदार स्वागत, कार्यकर्ताओं में जोश

  • Post By Admin on Jan 03 2026
लखीसराय में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी का जोरदार स्वागत, कार्यकर्ताओं में जोश

लखीसराय : नवनियुक्त भारतीय जनता पार्टी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी का शनिवार को लखीसराय में भव्य और जोरदार स्वागत किया गया। वे जिले के प्रसिद्ध अशोकधाम में आयोजित होने वाली पूज्य संत मोरारी बापू की श्रीरामकथा के उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए लखीसराय पहुंचे थे।

भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता बड़हिया श्रीकृष्ण चौक, जैतपुर, पहाड़पुर और लखीसराय टोल गेट सहित विभिन्न स्थानों पर एकत्र होकर उनका स्वागत करते नजर आए। कार्यकर्ताओं में प्रदेश अध्यक्ष के आगमन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

जिला अतिथि गृह में बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि संजय सरावगी के नेतृत्व से पार्टी संगठन को नई ऊर्जा मिल रही है और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति भाजपा की संगठनात्मक मजबूती को दर्शाती है।

भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का लखीसराय आगमन कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि श्रीरामकथा जैसे आयोजन समाज में सकारात्मक चेतना और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं।

प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कार्यकर्ताओं के गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।