लखीसराय में जल जीवन मिशन की समीक्षा, 15 दिनों में 'हर घर जल' प्रमाणन पूरा करने के निर्देश

  • Post By Admin on Jul 13 2026
लखीसराय में जल जीवन मिशन की समीक्षा, 15 दिनों में 'हर घर जल' प्रमाणन पूरा करने के निर्देश

लखीसराय : जिला पदाधिकारी सह अध्यक्ष, जिला जल एवं स्वच्छता मिशन (डीडब्ल्यूएसएम) शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को जिला जल एवं स्वच्छता मिशन एवं सोर्स सस्टेनेन्स कमेटी की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल जीवन मिशन 2.0, सुजलाम भारत मिशन, जल गुणवत्ता निगरानी, हर घर जल प्रमाणीकरण, जन शिकायतों के निष्पादन तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में जल सेवा आकलन की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले के लिए निर्धारित 232 गांवों में से 226 गांवों का कार्य पूरा हो चुका है। शेष गांवों का कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया। जिला पदाधिकारी ने अगली बैठक में जल सेवा आकलन की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि सुजलाम भारत मिशन के तहत जिले की सभी 33 योजनाओं का आईडी निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। वहीं 'हर घर जल' प्रमाणन की प्रक्रिया भी सभी योजनाओं में शुरू कर दी गई है। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अगले 15 दिनों के भीतर प्रमाणन कार्य पूरा कर अद्यतन रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

बैठक में जल गुणवत्ता निगरानी की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जिला एवं अनुमंडल स्तरीय जल जांच प्रयोगशालाएं निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पानी के नमूनों की जांच कर रही हैं। इस पर जिला पदाधिकारी ने सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने, जल गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित करने तथा लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। जन शिकायतों की समीक्षा के दौरान सीजीआरसी, सहयोग शिविर एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि लंबित शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में जल जीवन मिशन 2.0 के तहत संचालित योजनाओं के संयुक्त निरीक्षण, एमआईएस पोर्टल पर नियमित प्रगति अद्यतन करने तथा प्रखंड स्तर पर योजनाओं की सतत मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत भूमि संबंधी अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) से जुड़े लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में उप विकास आयुक्त सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला परिषद सुमित कुमार, कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ्य प्रमंडल तथा जिला जल एवं स्वच्छता मिशन से जुड़े सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।