प्रिया कुमारी को भावभीनी विदाई, श्रवण कुमार पाण्डेय ने संभाली चानन बीडीओ की जिम्मेदारी

  • Post By Admin on Jul 13 2026
प्रिया कुमारी को भावभीनी विदाई, श्रवण कुमार पाण्डेय ने संभाली चानन बीडीओ की जिम्मेदारी

लखीसराय : चानन प्रखंड कार्यालय परिसर में सोमवार को पूर्व प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) प्रिया कुमारी के सम्मान में विदाई सह स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्थानांतरित बीडीओ प्रिया कुमारी को भावभीनी विदाई दी गई, वहीं नवपदस्थापित बीडीओ श्रवण कुमार पाण्डेय का जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

जानकारी के अनुसार, श्रवण कुमार पाण्डेय इससे पहले जमुई जिले के बरहट प्रखंड में बीडीओ के पद पर कार्यरत थे। वहीं प्रिया कुमारी का स्थानांतरण बेगूसराय जिले के छौराही प्रखंड में हुआ है। उन्होंने 19 जुलाई 2023 को चानन प्रखंड में अपना योगदान दिया था। विदाई सह स्वागत समारोह का आयोजन प्रमुख प्रतिनिधि दिनेश यादव की ओर से किया गया। समारोह की अध्यक्षता भी उन्होंने की, जबकि संचालन संग्रामपुर पंचायत के मुखिया दीपक सिंह ने किया। इस दौरान प्रिया कुमारी को मुखिया, पंचायत समिति सदस्यों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने अंगवस्त्र, गुलदस्ता, साड़ी, डायरी सहित विभिन्न उपहार भेंट कर सम्मानित किया। वहीं नवागत बीडीओ श्रवण कुमार पाण्डेय का माल्यार्पण, अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि प्रिया कुमारी का कार्यकाल विकासोन्मुख और जनहितकारी रहा। उन्होंने प्रखंड में विकास योजनाओं को गति देने के साथ आम लोगों की समस्याओं के समाधान में भी सक्रिय भूमिका निभाई। वक्ताओं ने कहा कि चानन प्रखंड को लेकर कई बार अनावश्यक नकारात्मक धारणाएं बनाई जाती हैं, जबकि यहां प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बेहतर समन्वय से विकास कार्य लगातार किए जाते रहे हैं।

इस अवसर पर जिला परिषद प्रतिनिधि मदन मंडल, प्रखंड प्रमुख रंजू देवी, उप प्रमुख शिवनंदन बिंद, पंचायत समिति सदस्य निरंजन पासवान, सत्यनारायण दास, पूर्व प्रमुख प्रतिनिधि नृपेंद्र यादव, बजरंगी साव, पूर्व मुखिया उपेंद्र प्रसाद वर्मा, रामदेव मंडल, बाल्मीकि शर्मा, रवींद्र कुमार, पप्पू साव, दीपक सिंह, रवीश चंद्र भूषण, यशोदा देवी, राजद प्रखंड अध्यक्ष राजो यादव, उपमुखिया बिपिन यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, प्रखंड कर्मी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह का समापन दोनों अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना और चानन प्रखंड के निरंतर विकास की उम्मीद के साथ किया गया।