लखीसराय में सहयोग शिविरों की समीक्षा, प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को दिए अहम निर्देश

  • Post By Admin on May 19 2026
लखीसराय में सहयोग शिविरों की समीक्षा, प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को दिए अहम निर्देश

लखीसराय : ग्रामीण कार्य विभाग सह लखीसराय के प्रभारी मंत्री सुनील कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित एनआईसी सभा कक्ष में “सहयोग शिविर” की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में आयोजित सहयोग शिविरों के संचालन, प्रगति और प्रभाव की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक की शुरुआत में जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने सहयोग शिविरों के सफल संचालन को लेकर की गई तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर पर विभिन्न कर्मियों की तैनाती की गई थी तथा उनकी उपस्थिति की प्रतिदिन निगरानी की जाती थी। सभी शिविरों के वरीय पदाधिकारी नियमित रूप से पंचायतों का निरीक्षण कर संचालन का मूल्यांकन कर रहे थे। जिला पदाधिकारी ने बताया कि प्रतिदिन शाम 6 से 7 बजे के बीच वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की जाती थी। साथ ही शिकायतों एवं समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नियंत्रण कक्ष की स्थापना भी की गई थी, जहां आवेदकों की समस्याओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी।

समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिया कि पंचायत सरकार भवन में पंचायत स्तर के सभी कर्मियों की सूची प्रदर्शित की जाए, ताकि आम लोगों को संबंधित कर्मियों की जानकारी आसानी से मिल सके। उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं की जानकारी नियमित रूप से पोर्टल पर अद्यतन की जाए। मंत्री ने बताया कि अब तक शिविरों में राजस्व एवं आवास से संबंधित सर्वाधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी आवेदन को बिना समुचित जांच के अस्वीकृत नहीं किया जाए।

बैठक में नल-जल योजना के कार्यों की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के कार्यपालक अभियंता को कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने और एजेंसी चयन प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही सड़कों की नियमित समीक्षा एवं मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा आवेदकों की समस्याओं का गंभीरता से समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही सहयोग शिविरों के प्रभाव का मूल्यांकन कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने पर भी जोर दिया।

बैठक में सूर्यगढ़ा विधायक रामानंद मंडल, पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला बंदोबस्त पदाधिकारी मो. मुस्तकीम, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शंभूनाथ, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार सहित विभिन्न प्रखंडों के शिविर प्रभारी उपस्थित रहे।