लखीसराय के पंचायतों में लगे सहयोग शिविर, मौके पर हुआ कई मामलों का निष्पादन

  • Post By Admin on May 19 2026
लखीसराय के पंचायतों में लगे सहयोग शिविर, मौके पर हुआ कई मामलों का निष्पादन

लखीसराय : आम नागरिकों की समस्याओं, शिकायतों एवं सुझावों के त्वरित समाधान के उद्देश्य से लखीसराय जिले के सभी सात प्रखंडों की 12 पंचायतों में “सहयोग शिविर” का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर लोगों से आवेदन प्राप्त किए गए तथा कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया।

बड़हिया प्रखंड के टाल क्षेत्र स्थित सामुदायिक भवन एजनीघाट तथा पंचायत सरकार भवन पाली, कैंदी और महीसोना में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण प्रभारी मंत्री सह ग्रामीण कार्य विभाग मंत्री सुनील कुमार ने किया। वहीं बालगुदर, महीसोना और नंदनामा पंचायतों में आयोजित शिविरों का निरीक्षण प्रभारी सचिव कँवल तनुज ने किया।इस दौरान मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर आम लोगों से संवाद किया और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उनके साथ जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार, पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।

शिविर में मनरेगा, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, शिक्षा, कल्याण, कृषि, बिजली, सहकारिता, जीविका, स्वास्थ्य, आवास, आईसीडीएस, श्रम एवं स्वच्छता विभाग सहित कई विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। मंत्री ने विभागीय पंजी, शिकायत पंजी एवं सुझाव पंजी की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। अपने संबोधन में मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा सहयोग शिविर की व्यवस्था आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि शिविर में दर्ज शिकायतों का निष्पादन निर्धारित 30 दिनों के भीतर किया जाएगा तथा समय सीमा में समाधान नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान लाभुकों के बीच लेबर कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, ई-श्रम कार्ड एवं जॉब कार्ड का वितरण किया गया। वहीं जीविका समूहों को 10 हजार रुपए की सहायता राशि का प्रतीकात्मक डमी चेक भी सौंपा गया। मंत्री ने पंचायत सरकार भवनों की कार्यप्रणाली को मजबूत बनाए रखने पर जोर देते हुए पंचायत स्तर पर तैनात अधिकारियों को नियमित रूप से कार्यालय में उपस्थित रहकर आम लोगों से संवाद बनाए रखने का निर्देश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार द्वारा मंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत के साथ हुई। शिविर में सांस्कृतिक माहौल भी देखने को मिला। प्लस टू उच्च विद्यालय बड़हिया की छात्राओं ने संगीत शिक्षक नरेश कुमार के नेतृत्व में स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। जिले के विभिन्न सहयोग शिविरों की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, वरीय उप समाहर्ता एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा की गई। शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी रही।