जनजातीय गरिमा उत्सव के तहत स्वास्थ्य शिविर और पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित

  • Post By Admin on May 19 2026
जनजातीय गरिमा उत्सव के तहत स्वास्थ्य शिविर और पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित

लखीसराय : जनजातीय गरिमा उत्सव के अवसर पर जिले के अनुसूचित जाति एवं जनजाति बहुल टोलों में पौधारोपण कार्यक्रम एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुलभ बनाना था।

इसी क्रम में मदनपुर पंचायत के टाली बिशनपुर में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया, जहां स्थानीय ग्रामीणों, महिलाओं और बच्चों की चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा नि:शुल्क जांच की गई। शिविर में लोगों का रक्तचाप, शुगर, हीमोग्लोबिन सहित सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक परामर्श और दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को स्वच्छता, पोषण, टीकाकरण और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। चिकित्सकों ने बदलते मौसम में स्वास्थ्य के प्रति विशेष सावधानी बरतने और किसी गंभीर बीमारी के लक्षण दिखने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी। वहीं पौधारोपण कार्यक्रम के तहत विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए और लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। ग्रामीणों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की गई।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी सेविकाओं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।