लखीसराय में पंचायत सरकार भवन निर्माण की समीक्षा, डीएम ने भूमि उपलब्ध कराने के दिए निर्देश

  • Post By Admin on Mar 07 2026
लखीसराय में पंचायत सरकार भवन निर्माण की समीक्षा, डीएम ने भूमि उपलब्ध कराने के दिए निर्देश

लखीसराय: जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में शनिवार को पंचायत सरकार भवन निर्माण से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में प्रस्तावित पंचायत सरकार भवन निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान बताया गया कि जिले की कुल 16 ग्राम पंचायतों में पंचायत सरकार भवन का निर्माण कराया जाना प्रस्तावित है। इनमें से 11 पंचायतों के लिए भूमि उपलब्ध हो चुकी है, जबकि 5 पंचायतों में अभी तक भूमि उपलब्ध नहीं हो पाई है। इस पर जिला पदाधिकारी ने संबंधित पंचायतों के मुखियाओं को निर्देश दिया कि वे अपने स्तर से पहल करते हुए शीघ्र उपयुक्त स्थल का चयन कर भूमि उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो।

जिला पदाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि जिन पंचायतों में भवन निर्माण विभाग द्वारा पंचायत सरकार भवन का निर्माण प्रस्तावित है, वहां ग्राम पंचायत के सहयोग से समन्वय बनाकर कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि पंचायत सरकार भवन ग्रामीण प्रशासन को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ आम नागरिकों को विभिन्न सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बैठक में जानकारी दी गई कि ग्राम पंचायतों द्वारा बनाए जाने वाले पंचायत सरकार भवनों के लिए प्राक्कलन तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पंचायत सरकार भवनों का प्राक्कलन तैयार कर स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन को उपलब्ध करा दिया गया है, ताकि निर्माण कार्य को जल्द गति दी जा सके।

जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पंचायत सरकार भवन निर्माण से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए और कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना को प्रभावी ढंग से लागू करना प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की साझा जिम्मेदारी है। बैठक में भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन के कार्यपालक अभियंता तथा संबंधित ग्राम पंचायतों के मुखिया उपस्थित रहे।