डीएम ने किया ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
- Post By Admin on Mar 07 2026
लखीसराय: भारत निर्वाचन आयोग से प्राप्त निर्देशों के आलोक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने शनिवार को ऑफिसर्स कॉलोनी स्थित ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य वेयरहाउस में रखी ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था, रख-रखाव और भंडारण से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लेना था, ताकि आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सुदृढ़ और पारदर्शी बनी रहें।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी की उपस्थिति में वेयरहाउस के विभिन्न पहलुओं का बारीकी से अवलोकन किया गया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, प्रवेश एवं निकास प्रक्रिया, रिकॉर्ड संधारण तथा मशीनों के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही यह सुनिश्चित किया गया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी मानकों और दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन हो रहा है। निरीक्षण प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया था। इस अवसर पर बहुजन समाज पार्टी, राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी तथा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रतिनिधि उपस्थित रहे और उन्होंने निरीक्षण प्रक्रिया में भाग लिया। निरीक्षण के बाद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक प्रबंध को संतोषजनक बताया तथा प्रशासन की पहल की सराहना की।
इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी पम्मी रानी, जिला अभिलेखागार पदाधिकारी, सहायक कोषागार पदाधिकारी, भवन प्रमंडल के सहायक अभियंता मनोज कुमार तथा विद्युत प्रमंडल लखीसराय के सहायक अभियंता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।