बाल हितैषी कानूनी सेवाओं की समीक्षा, डीएलएसए ने जागरूकता बढ़ाने पर दिया जोर
- Post By Admin on Jul 22 2026
लखीसराय : जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए), लखीसराय में बुधवार को जेजे एक्ट एवं बाल हितैषी कानूनी सेवाएं योजना-2024 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विधानंद सागर ने की।
बैठक में प्रधान न्यायिक दंडाधिकारी अरुण कुमार, किशोर न्याय परिषद, जिला बाल संरक्षण इकाई, विशेष किशोर पुलिस इकाई, जिला बाल कल्याण समिति तथा बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में कुछ बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारियों की अनुपस्थिति पर सचिव ने स्पष्टीकरण तलब करने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान बच्चों के लिए लागू बाल हितैषी कानूनी सेवाएं योजना-2024 के प्रभावी संचालन, किशोर न्याय परिषद, बाल कल्याण समिति, जिला बाल संरक्षण इकाई एवं पुलिस की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। विभिन्न संस्थाओं द्वारा संचालित योजनाओं, हितधारकों के बीच समन्वय, योजनाओं के लाभार्थियों की निगरानी तथा रिपोर्टिंग व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
सचिव विधानंद सागर ने कहा कि बच्चों के अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े मामलों में सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने बाल संरक्षण योजनाओं का लाभ पात्र बच्चों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाने तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर बल दिया। बैठक में डिजिटल, इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट एवं सोशल मीडिया के साथ-साथ पोस्टर, बैनर और पॉकेट कार्ड के माध्यम से बाल अधिकारों एवं कानूनी सेवाओं के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर सहमति बनी। साथ ही पुलिस अधिकारियों को बच्चों के साथ संवेदनशील एवं बाल हितैषी व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।