लखीसराय में शराबबंदी कानून का शिकंजा, सात पियक्कड़ दबोचे गए

  • Post By Admin on Jul 22 2026
लखीसराय में शराबबंदी कानून का शिकंजा, सात पियक्कड़ दबोचे गए

लखीसराय : जिले में मद्यनिषेध कानून के सख्ती से अनुपालन के तहत मद्यनिषेध थाना, लखीसराय की टीम ने बड़हिया उत्पाद थाना के समीप छापेमारी कर शराब पीने के आरोप में सात लोगों को गिरफ्तार किया। सभी आरोपितों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए लोगों में मुजफ्फरपुर जिले के बेनीबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत बरूआरी गांव निवासी अनिल कुमार सिंह, आशीष कुमार, जगजीत राज सिंह, रंजीत कुमार सिंह और संतोष कुमार सिंह शामिल हैं। इसके अलावा झारखंड के देवघर जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत टिटियाँवा निवासी आनंद कुमार तथा बनियापुर (सिवान) निवासी मोहित राज को भी शराब के सेवन के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

मद्यनिषेध थाना पुलिस ने सभी आरोपितों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में शराबबंदी कानून का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।