मुजफ्फरपुर में जुटेंगे झारखंड-बिहार माहेश्वरी समाज के प्रतिनिधि, नई कार्यकारिणी संभालेगी जिम्मेदारी

  • Post By Admin on Jul 31 2026
मुजफ्फरपुर में जुटेंगे झारखंड-बिहार माहेश्वरी समाज के प्रतिनिधि, नई कार्यकारिणी संभालेगी जिम्मेदारी

मुजफ्फरपुर : झारखंड-बिहार प्रदेश माहेश्वरी सभा की कार्यसमिति एवं कार्यकारिणी मंडल के सत्र-14 की अंतिम बैठक तथा सत्र-15 की नवगठित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन 2 अगस्त 2026 को मुजफ्फरपुर में किया जाएगा। यह कार्यक्रम नारायणी बैंक्वेट हॉल, तिलक मैदान रोड स्थित परिसर में आयोजित होगा।

श्री माहेश्वरी सभा, मुजफ्फरपुर के आतिथ्य में आयोजित होने वाले इस समारोह में स्थानीय सांसद एवं केंद्रीय जल शक्ति मंत्री राजभूषण चौधरी, मुजफ्फरपुर विधायक रंजन कुमार तथा बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं दरभंगा विधायक संजय सरावगी के शामिल होने की संभावना जताई गई है। सभा के पदाधिकारियों ने बताया कि इस अवसर पर झारखंड-बिहार प्रदेश माहेश्वरी सभा की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण भी कराया जाएगा। विशेष रूप से मुजफ्फरपुर के मनोज डागा का झारखंड-बिहार प्रदेश माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष पद पर निर्वाचन समाज के लिए गौरव का विषय बताया गया है।

माहेश्वरी समाज की इस बैठक का मुख्य उद्देश्य समाज के आर्थिक रूप से कमजोर, शिक्षा से वंचित तथा आजीविका संबंधी चुनौतियों का सामना कर रहे परिवारों के उत्थान के लिए योजनाओं पर विचार-विमर्श करना है। इसके साथ ही प्रदेश एवं स्थानीय ट्रस्टों के सहयोग से जरूरतमंद परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने और बच्चों में शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक मूल्यों के विकास को बढ़ावा देने की दिशा में रणनीति तैयार की जाएगी।

सभा के अनुसार समाज सेवा, शिक्षा, संस्कार और सामाजिक उत्थान को केंद्र में रखकर विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की जाएगी। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में स्थानीय शाखा अध्यक्ष सुनील मुंडड़ा, सचिव किसन डागा, कोषाध्यक्ष रमेश तोषणीवाल, प्रकाश चांडक, समित गढ़ानी, सत्यनारायण चांडक, आकाश गढ़ानी, महिला संगठन की अध्यक्ष राजश्री डागा, प्रदेश कोषाध्यक्ष महिला संगठन राज चांडक, वंदना तोषणीवाल, बेला तोषणीवाल सहित सभा एवं युवा संगठन के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। समाज के पदाधिकारियों ने अधिक से अधिक लोगों से समारोह में भाग लेकर सामाजिक एकता और सेवा के संकल्प को मजबूत करने की अपील की है।