बेटियों के स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा को लेकर लखीसराय में चला व्यापक जागरूकता अभियान

  • Post By Admin on Jul 31 2026
बेटियों के स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा को लेकर लखीसराय में चला व्यापक जागरूकता अभियान

लखीसराय : महिला एवं बाल विकास निगम, लखीसराय के तत्वावधान में दुर्गा बालिका उच्च विद्यालय, लखीसराय में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, बाल विवाह रोकथाम तथा सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला एवं बाल विकास निगम के जिला परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार सिन्हा ने की। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं और किशोरियों के सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक उत्थान के लिए मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना संचालित की जा रही है। उन्होंने बताया कि बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की मुख्य परीक्षा की तैयारी के लिए बेटियों को 50 हजार रुपए तथा संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की मुख्य परीक्षा की तैयारी के लिए 1 लाख रुपए तक की आर्थिक प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने छात्राओं को मोबाइल फोन का उपयोग केवल पढ़ाई और सकारात्मक कार्यों के लिए करने की सलाह देते हुए कहा कि सोशल मीडिया के अत्यधिक प्रभाव से कई युवा अपना भविष्य प्रभावित कर रहे हैं। इसलिए शिक्षा को प्राथमिकता देकर आत्मनिर्भर और सशक्त बनने की आवश्यकता है।

महिला सशक्तिकरण केंद्र (डीएचईडब्ल्यू) के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका मुख्य लक्ष्य बेटियों के अस्तित्व की रक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और समग्र सशक्तिकरण को सुनिश्चित करना है। उन्होंने घरेलू हिंसा और अन्य महिला संबंधित शिकायतों के लिए महिला हेल्पलाइन नंबर 181 की जानकारी दी तथा मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के बारे में विस्तार से बताया।

कार्यक्रम में लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी ने बाल विवाह के दुष्परिणामों पर चर्चा करते हुए कहा कि बाल विवाह केवल सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि कानूनन अपराध भी है। इससे बालिकाओं के स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा पर गंभीर और दीर्घकालिक नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने छात्राओं से बाल विवाह का बहिष्कार करने और इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी छात्राओं को बाल विवाह रोकथाम और महिला सशक्तिकरण के समर्थन में सामूहिक शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार सिन्हा, जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार, लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी, एमटीएस नवींद्र दास सहित विद्यालय की अनेक छात्राएं उपस्थित रहीं।