सेवा, सहयोग और अनुशासन के संदेश के साथ आरडीएस कॉलेज में मना एनएसएस दिवस
- Post By Admin on Sep 24 2026
मुजफ्फरपुर : आरडीएस कॉलेज में गुरुवार, 24 सितंबर को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में एनएसएस दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य प्रो. शशि भूषण कुमार ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में प्रो. रमेश प्रसाद गुप्ता मौजूद रहे। समारोह में बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवकों ने भाग लिया।
प्राचार्य प्रो. शशि भूषण कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों को अपने आसपास के लोगों के प्रति संवेदनशील रहना चाहिए और जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज के प्रति जिम्मेदारी किसी विशेष अवसर तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। उन्होंने एनएसएस स्वयंसेवकों से सेवा और सहयोग की भावना के साथ समाज के जरूरतमंद लोगों की मदद करने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता प्रो. रमेश प्रसाद गुप्ता ने महात्मा गांधी के विचारों पर प्रकाश डालते हुए सत्य, अहिंसा, सेवा, सादगी और मानवीय मूल्यों को जीवन में अपनाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने एनएसएस स्वयंसेवकों से गांधीवादी विचारों को केवल पढ़ने या सुनने तक सीमित न रखकर व्यक्तिगत और सामाजिक जीवन में व्यवहार के रूप में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं के आचरण में इन मूल्यों का समावेश समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकता है।
एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. सौरभ राज ने अनुशासन को स्वयंसेवकों के जीवन का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने कहा कि सेवा कार्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए अनुशासन, समयबद्धता, जिम्मेदारी और टीम भावना आवश्यक है। उन्होंने स्वयंसेवकों से एनएसएस की गतिविधियों के साथ-साथ व्यक्तिगत जीवन में भी अनुशासन अपनाने की अपील की। कार्यक्रम में डॉ. नीरज कुमार, डॉ. आरती, डॉ. सी.के. झा, डॉ. अमिता त्रिवेदी और डॉ. चौधरी संजय कुमार सिंह सहित महाविद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एनएसएस स्वयंसेवक राज कुमार ने किया, जबकि स्वयंसेवक हाजरा ने समाज में एनएसएस की भूमिका विषय पर अपने विचार रखे।
इस दौरान एनएसएस स्वयंसेविका शिवानी ने प्रेरणादायी गीत प्रस्तुत किया। इसके बाद स्वयंसेवक प्रणव और उनकी टीम ने एनएसएस गीत प्रस्तुत किया। गीतों की प्रस्तुति से कार्यक्रम में उत्साह और ऊर्जा का माहौल बना रहा। समापन के अवसर पर एनएसएस स्वयंसेविका खुशी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने प्राचार्य, मुख्य वक्ता, शिक्षकों और सभी स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया। अंत में स्वयंसेवकों ने सेवा, सहयोग, अनुशासन और गांधीवादी मूल्यों को जीवन में अपनाने तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।