भारती शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में एनएसएस स्थापना दिवस पर सेवा का संकल्प

  • Post By Admin on Sep 24 2026
भारती शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में एनएसएस स्थापना दिवस पर सेवा का संकल्प

मुजफ्फरपुर : सदातपुर स्थित भारती शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय के वंदना सभागार में गुरुवार, 24 सितंबर को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का स्थापना दिवस उत्साह और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों तथा एनएसएस के स्वयंसेवक-स्वयंसेविकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रेरणादायी गीत के सामूहिक गायन से हुई। देशसेवा और समाज कल्याण की भावना से जुड़े गीत ने सभागार में उत्साह और ऊर्जा का माहौल बना दिया। इसके बाद कार्यक्रम के उद्देश्यों और एनएसएस की भूमिका पर चर्चा की गई।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश कुमार पाल ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में समाजसेवा, अनुशासन, जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझने और सेवा भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी रामजी यादव ने कार्यक्रम की रूपरेखा एवं प्रस्तावना प्रस्तुत की। इस अवसर पर बीएड प्रथम एवं द्वितीय वर्ष तथा डीएलएड द्वितीय वर्ष के सभी प्रशिक्षुओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के डीएलएड विभागाध्यक्ष डॉ. सतीश चंद्र के साथ सभी प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा सेवा भावना के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना का माहौल बना रहा।