रामेश्वर महाविद्यालय में एनएसएस स्थापना दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम

  • Post By Admin on Sep 24 2026
रामेश्वर महाविद्यालय में एनएसएस स्थापना दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम

मुजफ्फरपुर : रामेश्वर महाविद्यालय के किशोरी सिन्हा सभागार में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न वैचारिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं और एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीआरए बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर के दर्शनशास्त्र विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. हरिनारायण पाण्डेय ने एनएसएस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को समाज सेवा के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। दर्शनशास्त्र विभाग के अध्यक्ष प्रो. रजनी रंजन ने विषय प्रवेश कराते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना के इतिहास, उद्देश्यों और वर्तमान समय में इसकी प्रासंगिकता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को एनएसएस की गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक जिम्मेदारियों से जुड़ने की अपील की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. श्यामल किशोर ने की। उन्होंने छात्र-छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समाज की सेवा ही वास्तविक शिक्षा है। उन्होंने कहा कि एनएसएस स्थापना दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न सामाजिक विषयों को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रभावी ढंग से सामने रखा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बिहार के लोकपर्व छठ, नशा मुक्ति अभियान और समाज में व्याप्त विभिन्न सामाजिक समस्याओं को केंद्र में रखा गया। विद्यार्थियों ने गीतों और अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे तथा सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया। प्रस्तुतियों ने सभागार में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया और प्राचार्य ने प्रतिभागियों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. शारदा नंद सहनी ने किया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना भारत सरकार का युवा कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में जिम्मेदार नागरिकता और समाज सेवा की भावना विकसित करना है। मनोविज्ञान विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. सुमित्रा कुमारी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

कार्यक्रम के अंत में विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय की संकायाध्यक्ष प्रो. रंजना कुमारी, राजकीय डिग्री महाविद्यालय तेतरिया के प्राचार्य प्रो. सुरेंद्र राय, एलएन मिश्रा कॉलेज ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट, मुजफ्फरपुर के कंप्यूटर विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. एल. बी. लाल और रामेश्वर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. श्यामल किशोर ने संयुक्त रूप से विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को पारितोषिक देकर उनका उत्साहवर्धन किया। हिंदी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. संदीप कुमार सिंह ने अतिथियों, प्राध्यापकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।