जीईसी लखीसराय में एचआईवी-एड्स जागरूकता और रक्तदान शिविर का आयोजन
- Post By Admin on Sep 24 2026
लखीसराय : गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज, लखीसराय में गुरुवार, 24 सितंबर को इंटेंसिफाइड कैंपेन के तहत एचआईवी-एड्स जागरूकता कार्यक्रम एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज के करीब 300 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसका उद्देश्य युवाओं को एचआईवी-एड्स से बचाव और रक्तदान के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान डीएपीसीयू, लखीसराय के जिला पर्यवेक्षक डॉ. जितेंद्र कुमार लाल ने विद्यार्थियों को एचआईवी-एड्स के संक्रमण से बचाव, रोकथाम, एचआईवी जांच एवं उपचार से संबंधित जानकारी दी। उन्होंने स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व पर भी प्रकाश डाला और रक्तदान को लेकर लोगों के बीच मौजूद विभिन्न भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास किया। उन्होंने जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित रक्त की उपलब्धता में स्वैच्छिक रक्तदाताओं की भूमिका के बारे में भी विद्यार्थियों को बताया।
जागरूकता कार्यक्रम के बाद आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में करीब 50 विद्यार्थियों ने अपनी इच्छा से रक्तदान किया। रक्त संग्रह का कार्य लखीसराय रक्त केंद्र की टीम ने किया। छात्र विक्की कुमार सिंह, चंदन राज, दिव्या रानी और दर्पण प्रधान के अलावा प्रोफेसर जितेंद्र कुमार, सुनील कुमार, कन्हैया कुमार एवं रवि कुमार ने भी रक्तदान कर अन्य विद्यार्थियों को प्रेरित किया।
इस अवसर पर गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज के रजिस्ट्रार सह रेड रिबन क्लब के नोडल अधिकारी डॉ. विजय कुमार ने विद्यार्थियों को रक्तदान के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। स्वस्थ एवं योग्य लोगों को जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। कार्यक्रम के आयोजन का उद्देश्य युवाओं में एचआईवी-एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने, संक्रमण से बचाव के उपायों की जानकारी देने तथा स्वैच्छिक रक्तदान को प्रोत्साहित करना रहा। कॉलेज के प्राचार्य के सहयोग से कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।