तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. विमोहन प्रत्याशी, शिक्षकों के मुद्दों पर भी रखी पार्टी की योजना

  • Post By Admin on Sep 25 2026
तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. विमोहन प्रत्याशी, शिक्षकों के मुद्दों पर भी रखी पार्टी की योजना

मुजफ्फरपुर : बिहार विधान परिषद के आगामी स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव को लेकर जन सुराज ने मुजफ्फरपुर में चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। 25 सितंबर 2026 को जन सुराज के सूत्रधार और बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर ने मुजफ्फरपुर में पार्टी की कैंपेन कमेटी की बैठक में हिस्सा लिया। बैठक मिठनपुरा और माड़ीपुर चौक स्थित एक निजी हॉल में हुई। इस दौरान तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. विमोहन कुमार भी मौजूद रहे। तिरहुत स्नातक सीट से डॉ. विमोहन कुमार को समर्थित प्रत्याशी बनाया गया है। बैठक में प्रशांत किशोर ने पार्टी पदाधिकारियों और प्रत्याशी के साथ चुनावी रणनीति, प्रचार अभियान और तैयारियों पर चर्चा की। बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए होने वाले चुनाव में चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं

प्रशांत किशोर ने कहा कि जिस स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज का उम्मीदवार जीतकर विधान परिषद पहुंचेगा, वहां 10 हजार पढ़े-लिखे बेरोजगार युवाओं को रोजगार दिलाने की पहल की जाएगी। उन्होंने इसे बांकीपुर में घोषित रोजगार पहल से जोड़ते हुए कहा कि इसी तरह का मॉडल स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में भी लागू किया जाएगा। जन सुराज की ओर से यह घोषणा पहले भी की जा चुकी है। बैठक के दौरान प्रशांत किशोर ने शिक्षकों से जुड़े मुद्दों को भी उठाया। उन्होंने कहा कि जन सुराज सभी श्रेणी के शिक्षकों के सम्मान और 7वें वेतनमान के लिए काम करेगा। इसके अलावा वित्तरहित और वित्तपोषित संस्थानों से जुड़े शिक्षकों की समस्याओं के समाधान तथा बचे हुए शिक्षकों के समायोजन की बात कही।

उन्होंने गैर-शैक्षणिक कार्यों के लिए एक मानक तय करने की भी बात कही, ताकि शिक्षक प्राथमिकता के साथ शिक्षण कार्य कर सकें। प्रशांत किशोर ने स्नातक मतदाताओं से जाति और धर्म से ऊपर उठकर मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता शिक्षित और प्रबुद्ध वर्ग से आते हैं तथा उन्हें चुनाव में बदलाव के मुद्दों को ध्यान में रखकर मतदान करना चाहिए। बैठक में जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती, प्रदेश महामंत्री सुभाष कुशवाहा, तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के समर्थित प्रत्याशी डॉ. विमोहन कुमार, लोकसभा प्रभारी डॉ. सुनील कुमार, क्षेत्रीय किसान प्रभारी डॉ. दिलीप कुशवाहा, वैशाली जिला विचार मंच अध्यक्ष डॉ. राकेश रंजन और मुजफ्फरपुर जिला कर्पूरी मंच महामंत्री लाल बाबू साहनी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।