रामदयालु सिंह कॉलेज में गूंजा शिक्षक हितों का मुद्दा, प्रो. संजय सिंह ने दिया समस्याओं के समाधान का भरोसा
- Post By Admin on Sep 21 2026
मुजफ्फरपुर : रामदयालु सिंह महाविद्यालय, मुजफ्फरपुर में शिक्षक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान पार्षद प्रो. संजय कुमार सिंह ने महाविद्यालय के शिक्षकों से सीधा संवाद करते हुए उनकी शैक्षणिक, प्रशासनिक और सेवा संबंधी समस्याओं पर चर्चा की। शिक्षकों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर सवाल रखे, जिनका उन्होंने विस्तार से जवाब दिया।
प्रो. संजय कुमार सिंह ने कहा कि तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विभिन्न संवर्गों के शिक्षकों से जुड़े मुद्दों को उन्होंने पिछले वर्षों में सदन में मजबूती से उठाया है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान को लेकर सरकार ने भी संवेदनशीलता दिखाई है। शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर उनका संघर्ष आगे भी सड़क से सदन तक जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षक सिर्फ विद्यार्थियों को शिक्षा देने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में शिक्षकों की सेवा-सुरक्षा, सम्मान, अधिकार और अन्य समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए। शिक्षक संवाद जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से शिक्षकों की वास्तविक समस्याओं को सीधे समझने और उन्हें संबंधित मंच तक पहुंचाने में मदद मिलती है।
कार्यक्रम में बूटा के महासचिव डॉ. सुनील कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व शिक्षक को ही करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रो. संजय कुमार सिंह ने सदन में शिक्षकों की आवाज को गंभीरता से उठाया है और सरकार के साथ भी लगातार संवाद किया है। उन्होंने तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विभिन्न शिक्षक संवर्गों से प्रो. संजय कुमार सिंह के समर्थन की अपील की। बूस्टा के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. जयकांत जय ने प्रो. संजय कुमार सिंह को शिक्षकों के संघर्ष का साथी बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लगातार प्रमुखता से उठाया गया है। उन्होंने शिक्षक समुदाय से शिक्षक हितों की लड़ाई को मजबूती देने के लिए प्रो. संजय कुमार सिंह के समर्थन की अपील की।
संवाद के दौरान शिक्षकों ने वेतन, सेवा संबंधी विषयों, शैक्षणिक व्यवस्था, शिक्षक अधिकारों और सरकार से जुड़ी अपेक्षाओं सहित कई मुद्दे उठाए। कार्यक्रम में महाविद्यालय के हिंदी विभागाध्यक्ष व विश्वविद्यालय अभिषद सदस्य डॉ. रमेश प्रसाद गुप्ता, बूटा महासचिव डॉ. सुनील कुमार सिंह, बूस्टा कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. जयकांत जय, इंटर-डिग्री संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष डॉ. राम विनोद शर्मा, डॉ. राजीव कुमार, डॉ. सौरभ राज, डॉ. आरती कुमारी, डॉ. सीके झा, डॉ. रजनीकांत पांडे, डॉ. मनोज कुमार सिंह, डॉ. अजमत अली, डॉ. अमर ज्योति रंजन, डॉ. आयशा जमाल, डॉ. अनुपम कुमार, डॉ. आनंद प्रकाश दुबे, डॉ. ललित किशोर, डॉ. मनीष कुमार शर्मा, डॉ. गणेश कुमार शर्मा, डॉ. अमोद कुमार और डॉ. अमित त्रिवेदी समेत महाविद्यालय के शिक्षक मौजूद रहे। शिक्षक संवाद कार्यक्रम में शिक्षकों की समस्याओं, अधिकारों और प्रतिनिधित्व से जुड़े विषयों पर प्रत्यक्ष चर्चा हुई। साथ ही शिक्षकों और जनप्रतिनिधि के बीच संवाद के माध्यम से विभिन्न मुद्दों को सामने रखने का अवसर मिला।