आवासीय सरस्वती विद्या मंदिर से 13 वर्षीय छात्र लापता, पिता ने प्रशासन से लगाई बरामदगी की गुहार
- Post By Admin on Sep 21 2026
लखीसराय : जिले के कबैया थाना क्षेत्र स्थित एक आवासीय विद्यालय से 13 वर्षीय छात्र के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर छात्र के पिता मन्नू कुमार ने कबैया थाना में लिखित आवेदन देकर अपने पुत्र की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है।
थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, लखीसराय थाना क्षेत्र के हसनपुर (पोस्ट गढ़ीसोना) निवासी मन्नू कुमार का 13 वर्षीय पुत्र अनमोल कुमार कवैया क्षेत्र में वन विभाग के पास स्थित आवासीय सरस्वती विद्या मंदिर में चौथी कक्षा का छात्र है। परिजनों को विद्यालय के प्रधान द्वारा यह सूचना दी गई कि अनमोल बीते 09 सितंबर 2026 से ही विद्यालय से लापता है।
परिजनों ने बताया कि सूचना मिलने के बाद उन्होंने अपने स्तर से रिश्तेदारियों और संभावित स्थानों पर काफी खोजबीन की, लेकिन बच्चे का कहीं कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके चलते आवेदन देने में कुछ दिनों का विलंब हुआ। 17 सितंबर 2026 को थाने में विधिवत सनहा/आवेदन दर्ज कराते हुए पीड़ित पिता ने अनमोल की तस्वीर संलग्न की है और पुलिस से मामले में त्वरित छानबीन कर बच्चे को तलाशने की अपील की है। मामले में पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है।