राजकीय डिग्री कॉलेज गायघाट में हिन्दी दिवस पर प्रतियोगिताएं, न्यूज़लेटर का विमोचन

  • Post By Admin on Sep 21 2026
राजकीय डिग्री कॉलेज गायघाट में हिन्दी दिवस पर प्रतियोगिताएं, न्यूज़लेटर का विमोचन

मुजफ्फरपुर : राजकीय डिग्री महाविद्यालय, गायघाट में हिन्दी दिवस के अवसर पर शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, उत्तर बिहार के संयुक्त तत्वावधान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हिन्दी के व्यावहारिक और रचनात्मक प्रयोग को बढ़ावा देने के साथ विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान महाविद्यालय के न्यूज़लेटर का भी विमोचन किया गया।

महाविद्यालय में प्रशासनिक और कार्यालयी कार्यों में हिन्दी के प्रयोग को प्राथमिकता दी जाती है। इसी क्रम में 19 सितंबर को विद्यार्थियों के लिए श्रुतिलेख, निबंध लेखन और काव्य पाठ प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। श्रुतिलेख प्रतियोगिता में नविता ने प्रथम, खुशी और रौशन ने द्वितीय तथा संतोष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निबंध लेखन में गुलशन प्रथम, संतोष द्वितीय और नविता तृतीय रहीं। काव्य पाठ प्रतियोगिता में खुशी ने प्रथम, साधना ने द्वितीय और सविता ने तृतीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिताओं में शामिल अन्य विद्यार्थियों को भी सहभागिता पुरस्कार प्रदान किया गया।

समारोह के विशिष्ट अतिथि राजकीय डिग्री महाविद्यालय, औराई के प्राचार्य डॉ. रमेश कुमार विश्वकर्मा ने मातृभाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए हिन्दी की समृद्ध परंपरा और व्यापकता को रेखांकित किया। सारस्वत अतिथि प्रो. राजीव कुमार झा, विभागाध्यक्ष, हिन्दी विभाग, एल.एस. कॉलेज एवं प्राचार्य, राजकीय डिग्री महाविद्यालय, पिपराही ने हिन्दी को विज्ञान और ज्ञान-विज्ञान के संप्रेषण की भाषा के रूप में विकसित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने हिन्दी की मौलिकता और सामर्थ्य पर भी चर्चा की। मुख्य अतिथि बी.एन. मंडल विश्वविद्यालय, मधेपुरा के पूर्व कुलपति डॉ. रिपुसुदन प्रसाद श्रीवास्तव ने ज्ञान-विज्ञान से जुड़ी सामग्री को हिन्दी में उपलब्ध कराने में अनुवाद की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने प्रशासनिक और संस्थागत कार्यों में हिन्दी के अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देने की आवश्यकता भी बताई।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण महाविद्यालय के न्यूज़लेटर का विमोचन रहा। इसमें महाविद्यालय की शैक्षणिक, साहित्यिक, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों को संकलित किया गया है। न्यूज़लेटर तैयार करने में महाविद्यालय के शिक्षकों ने सामूहिक रूप से योगदान दिया। डॉ. आयुष वत्स और डॉ. तरुण कुमार भट्ट ने महाविद्यालय के लोगो की परिकल्पना में भूमिका निभाई। वहीं डॉ. दत्तात्रेय निवृत्ति रावण ने विभिन्न सदस्यों से प्राप्त सामग्री का संकलन कर न्यूज़लेटर को अंतिम रूप दिया। डॉ. विशाल गिरीश तिवारी और डॉ. उपांशु ने भी इसके निर्माण में सहयोग किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. पयोली ने की। उन्होंने सभी अतिथियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से महाविद्यालय परिवार को शैक्षणिक दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने मुख्य अतिथि डॉ. रिपुसुदन प्रसाद श्रीवास्तव के अकादमिक योगदान और अनुभव का उल्लेख करते हुए उनके कार्यक्रम में शामिल होने को महाविद्यालय के लिए गौरव का विषय बताया। कार्यक्रम के आयोजन और प्रबंधन में डॉ. शिल्पा उपाध्याय, डॉ. ज्योति रानी, सुश्री अंजू प्रकाश और सुश्री शिखा राय ने सहयोग किया। गैर-शिक्षण कर्मियों श्री कृष्णा और श्री सौम्य प्रवीण ने भी व्यवस्थाओं में योगदान दिया। मंच संचालन डॉ. विशाल गिरीश तिवारी ने किया।