2.60 लाख करोड़ का पंजाब बजट, महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता का ऐलान

  • Post By Admin on Mar 08 2026
2.60 लाख करोड़ का पंजाब बजट, महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता का ऐलान

चंडीगढ़ : पंजाब विधानसभा में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 2,60,437 करोड़ रुपए का बजट पेश किया। बजट पेश करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भगवंत मान के नेतृत्व में “बदलता पंजाब” के विजन को आगे बढ़ा रही है। बजट में स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास, उद्योग, कृषि, खेल और सामाजिक कल्याण जैसे क्षेत्रों पर विशेष जोर दिया गया है।

महिलाओं के लिए बड़ी घोषणा

बजट में महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए सरकार ने हर महीने 1,000 रुपए आर्थिक सहायता देने का फैसला किया है। वहीं अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को 1,500 रुपए प्रतिमाह दिए जाएंगे। यह राशि मुख्यमंत्री माताएं-बेटियां सत्कार योजना के तहत सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।

आर्थिक स्थिति और विकास

वित्त मंत्री ने बताया कि पंजाब की अर्थव्यवस्था मजबूत रफ्तार से आगे बढ़ रही है। चालू वर्ष में राज्य की आर्थिक वृद्धि दर लगभग 9 प्रतिशत दर्ज की गई है, जबकि राज्य का सकल घरेलू उत्पाद करीब 8,09,538 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। अगले वित्त वर्ष में इसमें लगभग 10 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान है।

शहरी विकास और परिवहन

शहरी विकास के तहत लुधियाना, अमृतसर, जालंधर और मोहाली में विश्वस्तरीय सड़कों का निर्माण किया जाएगा। पहले चरण में करीब 50 किलोमीटर सड़कें बनाई जाएंगी। शहरी सेवाओं के सुधार के लिए 225 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है और 347 ई-बसें खरीदी जाएंगी।

नशे के खिलाफ अभियान मजबूत

राज्य में “युद्ध नशे दे विरुद्ध” अभियान को और मजबूत करने का निर्णय लिया गया है। सीमा क्षेत्रों में 5,000 होमगार्ड जवानों को तैनात किया जाएगा, जो सीमा सुरक्षा बल के साथ दूसरी सुरक्षा पंक्ति के रूप में काम करेंगे। ड्रोन के जरिए होने वाली तस्करी रोकने के लिए अत्याधुनिक एंटी-ड्रोन सिस्टम लगाए जाएंगे, जिसके लिए 110 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। साथ ही पहली बार राज्य में “ड्रग सेंसस” कराने की घोषणा भी की गई है, जिसके लिए 150 करोड़ रुपए रखे गए हैं।

खेल और युवाओं के लिए योजनाएं

युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए “खेडदा पंजाब, बदलदा पंजाब” पहल शुरू की जाएगी। इसके तहत गांवों में खेल मैदान विकसित किए जाएंगे और लगभग 3,000 इंडोर जिम बनाए जाएंगे। खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के लिए 13 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। खेल विभाग के लिए 979 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है।

स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार

राज्य में अब तक 881 आम आदमी क्लीनिक स्थापित किए जा चुके हैं, जहां लोगों को मुफ्त इलाज, जांच और दवाएं मिल रही हैं। सरकार ने स्वास्थ्य बीमा योजना का विस्तार करते हुए 65 लाख परिवारों को शामिल करने का निर्णय लिया है। इसके तहत प्रत्येक परिवार को सालाना 10 लाख रुपए तक का कैशलेस इलाज मिलेगा। इस योजना के लिए 778 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है, जबकि स्वास्थ्य विभाग के लिए कुल 5,598 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है।

आपातकालीन सेवाएं और सुरक्षा

आपातकालीन सेवा डायल-112 को मजबूत करने के लिए 758 चार पहिया और 916 दो पहिया आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहन खरीदे जाएंगे। सरकार का लक्ष्य प्रतिक्रिया समय को 30 मिनट से घटाकर लगभग 8 मिनट करना है। इसके लिए 125 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है, जबकि मोहाली में आधुनिक डायल-112 मुख्यालय बनाने के लिए 53 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।

ग्रामीण विकास और सड़कें

ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए “बदलदे पिंड, बदलदा पंजाब” योजना शुरू की जाएगी। इसके तहत राज्य के 12,581 गांवों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा, जिसके लिए 3,500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। साथ ही 18,944 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों के निर्माण और उन्नयन पर 2,873 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।

बिजली, उद्योग और कृषि

सरकार घरेलू उपभोक्ताओं को हर महीने 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की योजना जारी रखेगी, जिसके लिए 7,614 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है। उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए नई औद्योगिक नीति लाई जाएगी और इसके लिए 250 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।

कृषि और संबद्ध क्षेत्रों के लिए 14,524 करोड़ रुपए का बजट निर्धारित किया गया है। फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए किसानों को मक्का की खेती पर 17,500 रुपए प्रति हेक्टेयर की सब्सिडी दी जाएगी। पराली प्रबंधन के लिए 500 करोड़ रुपए और भूसा आधारित बॉयलर अपनाने वाले उद्योगों के लिए 60 करोड़ रुपए की सहायता दी जाएगी। किसानों को मुफ्त बिजली देने के लिए 9,992 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।