बांग्लादेश में फिर हिंसा, मंदिर के पास धमाकों में तीन घायल
- Post By Admin on Mar 08 2026
ढाका : बांग्लादेश के कोमिल्ला शहर में एक मंदिर के पास हुए सिलसिलेवार पेट्रोल बम धमाकों में पुजारी समेत तीन लोग घायल हो गए। घटना शनिवार शाम 7 मार्च को कलागाछितला मंदिर परिसर और आसपास की सड़क पर हुई, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई है।
पुलिस के अनुसार धमाकों में मंदिर के पुजारी केशव चक्रवर्ती, स्थानीय निवासी अब्दुल बारेक और एक अज्ञात राहगीर घायल हुए हैं। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कोमिल्ला के पुलिस अधीक्षक मो. अनीसुज्जमान ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने हमलावरों की तलाश के लिए अभियान शुरू कर दिया है। वहीं कोटवाली मॉडल थाना प्रभारी मो. तौहीदुल अनवर ने कहा कि घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज पुलिस के हाथ लगे हैं और उनकी जांच की जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक शाम करीब 6:28 बजे एक नकाबपोश व्यक्ति बैग लेकर मंदिर परिसर में दाखिल हुआ। बैग रखने के बाद वह वहां से भाग गया और कुछ ही देर बाद विस्फोट हो गया, जिसमें पुजारी घायल हो गए। पुलिस के अनुसार हमलावरों ने भागते समय पास के एक बौद्ध मंदिर और आसपास की सड़क पर दो और कच्चे बम भी फेंके।
हिंदू-बौद्ध-ईसाई एकता परिषद की कोमिल्ला इकाई के महासचिव तपस बख्शी ने आशंका जताई कि यह हमला सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश हो सकता है। पुलिस ने घटनास्थल से एक कुल्हाड़ी और बैग सहित कुछ सबूत भी बरामद किए हैं।
स्थानीय निवासी श्यामलाल कृष्ण साहा ने बताया कि इस इलाके में एक बौद्ध मंदिर, दो हिंदू मंदिर और एक मस्जिद स्थित हैं। ऐसे में धमाकों से क्षेत्र की सांप्रदायिक सद्भावना को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई हो सकती है। उन्होंने घटना की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।