बीकानेर: राजस्थान के बीकानेर जिले में बुधवार को दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। छतरगढ़ थाना क्षेत्र के चक 9 AWM में खेत में बनी पानी की डिग्गी में डूबने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में 14 वर्षीय पूजा, उसके दो भाई और 21 वर्षीय चचेरा भाई शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, पूजा बुधवार दोपहर घर के काम के लिए डिग्गी से पानी निकालने गई थी। इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में गिर गई। बहन को डूबता देख उसके दोनों भाई उसे बचाने के लिए पानी में कूद पड़े। इसके बाद चचेरा भाई भी तीनों को बचाने के प्रयास में डिग्गी में उतर गया। दुर्भाग्यवश, चारों में से कोई भी बाहर नहीं निकल सका। सूचना मिलने पर छतरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से चारों के शव पानी से बाहर निकाले गए। शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया गया है।

एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से गांव में मातम पसरा है। बहन को बचाने की कोशिश में दो भाइयों और चचेरे भाई की जान जाने की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।