संजीव अरोड़ा बने पंजाब सरकार के नए कैबिनेट मंत्री, कुलदीप धालीवाल की मंत्रिमंडल से छुट्टी

  • Post By Admin on Jul 03 2025
संजीव अरोड़ा बने पंजाब सरकार के नए कैबिनेट मंत्री, कुलदीप धालीवाल की मंत्रिमंडल से छुट्टी

चंडीगढ़ : लुधियाना वेस्ट उपचुनाव में भारी जीत दर्ज करने के बाद आम आदमी पार्टी नेता और उद्योगपति संजीव अरोड़ा को पंजाब मंत्रिमंडल में शामिल कर लिया गया है। राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने बुधवार को राजभवन में उन्हें कैबिनेट मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत तमाम कैबिनेट मंत्री, विधायक और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

संजीव अरोड़ा ने राज्यसभा से इस्तीफा देकर विधानसभा में एंट्री ली थी। अब वे मान सरकार के 17वें मंत्री के रूप में शामिल हुए हैं। बताया जा रहा है कि उन्हें उद्योग और एनआरआई मामलों का विभाग सौंपा गया है, जो पहले मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल के पास था।

विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, धालीवाल से इस्तीफा मांगा गया है और उन्हें मंत्रिमंडल से हटा दिया गया है। जालंधर से विधायक मोहिंदर भगत ने पुष्टि की कि धालीवाल शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद नहीं थे, जिससे उनके बाहर होने की अटकलें और तेज हो गई हैं। हालांकि विभागों का आधिकारिक ऐलान जल्द किया जाएगा।

संजीव अरोड़ा ने मंगलवार को राज्यसभा सभापति जगदीप धनखड़ को अपना इस्तीफा सौंपा था, जिसे स्वीकार कर लिया गया। अप्रैल 2022 में राज्यसभा पहुंचे अरोड़ा का कार्यकाल अप्रैल 2028 तक था, लेकिन विधानसभा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए उन्होंने बीच में ही इस्तीफा देकर कैबिनेट की राह चुनी।

आप सरकार के ढाई साल से अधिक के कार्यकाल में यह सातवां कैबिनेट विस्तार है। इससे पहले सितंबर 2024 में हुए विस्तार में चार नए मंत्री बनाए गए थे और चार को मंत्रिपद से हटाया गया था।

अब पंजाब मंत्रिमंडल में कुल 17 मंत्री हो गए हैं, जिनमें मुख्यमंत्री भी शामिल हैं। संवैधानिक प्रावधान के अनुसार राज्य में अधिकतम 18 मंत्री हो सकते हैं, लेकिन पार्टी ने एक पद फिलहाल रिक्त रखने का निर्णय लिया है।

संजीव अरोड़ा की एंट्री को उद्योग और प्रवासी मामलों में सरकार की सक्रियता बढ़ाने के रूप में देखा जा रहा है, वहीं धालीवाल की छुट्टी को राजनीतिक हलकों में बड़े बदलाव का संकेत माना जा रहा है।