राघव चड्ढा ने बाढ़ प्रभावित पंजाब के लिए सांसद निधि से आवंटित किए 3.25 करोड़ रुपए

  • Post By Admin on Sep 03 2025
राघव चड्ढा ने बाढ़ प्रभावित पंजाब के लिए सांसद निधि से आवंटित किए 3.25 करोड़ रुपए

चंडीगढ़ : पंजाब में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा आगे आए हैं। उन्होंने अपने सांसद निधि कोष से 3.25 करोड़ रुपए जारी करने की घोषणा की है।

राघव चड्ढा ने बताया कि गुरदासपुर जिले में बाढ़ सुरक्षा तटबंधों को मजबूत करने के लिए 2.75 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं, ताकि भविष्य में गांवों को बाढ़ से बचाया जा सके। वहीं, अमृतसर जिले में बाढ़ प्रभावितों की राहत और पुनर्वास कार्यों के लिए 50 लाख रुपए की राशि दी जाएगी। इस संबंध में उन्होंने दोनों जिलों के उपायुक्तों को पत्र भी लिखा है।

सांसद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "पंजाब हाल के इतिहास की सबसे भीषण बाढ़ से गुजर रहा है। खेत जलमग्न हो गए, घर तबाह हो गए, मवेशी मारे गए और 30 अनमोल जिंदगियां चली गईं। मैंने अपने सांसद निधि कोष से 3.25 करोड़ रुपए पंजाब के लोगों के लिए आवंटित किए हैं। यह पंजाब का पैसा है, पंजाब के लोगों के लिए।"

राघव चड्ढा ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि बाढ़ की विभीषिका ने किसानों की मेहनत को मिट्टी में मिला दिया है। कई लोगों के घर टूट चुके हैं और कई परिवार बेघर हो गए हैं। उन्होंने इस आपदा में पंजाब पुलिस, प्रशासन, सेना और एनडीआरएफ की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि सभी ने मिलकर लोगों की जान बचाने में अहम योगदान दिया है।

आप सांसद ने स्पष्ट किया कि पंजाब का जनप्रतिनिधि होने के नाते यह उनका कर्तव्य है कि राज्य के संकट की घड़ी में हर संभव योगदान दें। उन्होंने कहा कि वह इस मुद्दे को संसद में भी उठाएंगे और केंद्र सरकार से अधिकतम सहयोग की अपील करेंगे।