मनी लॉन्ड्रिंग जांच में ED सक्रिय, आप नेता संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर छापेमारी
- Post By Admin on May 09 2026
चंडीगढ़ : पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता संजीव अरोड़ा के चंडीगढ़ स्थित सरकारी आवास पर शनिवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छापेमारी की। सेक्टर-2 स्थित सरकारी आवास पर सुबह करीब 7 बजे ईडी की टीम पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया, जो कई घंटों तक जारी रहा।
जानकारी के अनुसार, ईडी के अधिकारी करीब 20 गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचे थे। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीआईए और स्पेशल फोर्स के लगभग तीन दर्जन जवानों की तैनाती की गई थी। सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई कथित मनी लॉन्ड्रिंग, FEMA उल्लंघन, जमीन से जुड़े मामलों और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन की जांच के तहत की जा रही है। ईडी ने चंडीगढ़ के अलावा लुधियाना, जालंधर और गुरुग्राम समेत कई शहरों में भी एक साथ छापेमारी की। जांच के दायरे में मंत्री संजीव अरोड़ा के परिवार और उनकी कंपनी से जुड़े कुछ कार्यालय भी शामिल बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि छापेमारी के समय संजीव अरोड़ा देश में मौजूद नहीं थे। वह नीदरलैंड्स के एम्स्टर्डम में ‘इनवेस्ट पंजाब’ कार्यक्रम के तहत उद्योगपतियों से मुलाकात कर राज्य में निवेश आकर्षित करने के लिए आधिकारिक दौरे पर गए हुए हैं। ईडी की कार्रवाई के बाद पंजाब की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भाजपा और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए लिखा कि पिछले एक वर्ष में तीसरी बार ईडी संजीव अरोड़ा के घर पहुंची है, लेकिन एजेंसी को अब तक कुछ नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि पंजाब को इस तरह के दबाव से झुकाया नहीं जा सकता।
वहीं, आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने भी केंद्र सरकार पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लिए ईडी का इस्तेमाल कर रही है और पंजाब सरकार को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। पंजाब सरकार में मंत्री हरपाल चीमा ने भी भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि चुनाव से पहले विपक्षी नेताओं को परेशान करने के लिए इस तरह की कार्रवाइयां की जाती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केंद्रीय एजेंसियों के जरिए राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश कर रही है, लेकिन आम आदमी पार्टी संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखती है।