कोटा एयरपोर्ट परियोजना से हाड़ौती क्षेत्र में बढ़ेगी विकास की रफ्तार : प्रधानमंत्री मोदी
- Post By Admin on Mar 08 2026
कोटा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के कोटा में आधुनिक हवाई अड्डे के शिलान्यास को हाड़ौती क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ सहित पूरे इलाके के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र में आर्थिक और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देगी।
प्रधानमंत्री ने वीडियो संदेश के माध्यम से आयोजित शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान तेजी से प्रगति कर रहा है और नया विमान पत्तन इस विकास यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि लगभग 1,500 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला यह आधुनिक हवाई अड्डा क्षेत्र के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा।
प्रधानमंत्री ने हाल ही में अजमेर की अपनी यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां हजारों करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया और 21 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपे गए। उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे ये कार्यक्रम इस बात का संकेत हैं कि राजस्थान आज तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री ने नवंबर 2023 की अपनी कोटा यात्रा को याद करते हुए कहा कि उस समय जनता से किए गए वादे अब पूरे किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब तक हवाई यात्रा के लिए लोगों को जयपुर या जोधपुर जाना पड़ता था, लेकिन नए हवाई अड्डे के शुरू होने के बाद यात्रा आसान हो जाएगी और व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कोटा को शिक्षा और ऊर्जा का महत्वपूर्ण केंद्र बताते हुए कहा कि यहां परमाणु, कोयला, गैस और जल स्रोतों से बिजली उत्पादन होता है। नए हवाई अड्डे के बनने से व्यापार और कारोबार की संभावनाएं कई गुना बढ़ जाएंगी।
प्रधानमंत्री ने क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने मथुराधीश मंदिर, गराडिया महादेव और मुकुंदरा पहाड़ियों जैसे पर्यटन स्थलों का जिक्र करते हुए कहा कि बेहतर हवाई संपर्क से देश-विदेश के पर्यटक यहां आएंगे, जिससे स्थानीय युवाओं, व्यापारियों और अर्थव्यवस्था को लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि कोटा में कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए कई बड़े काम हो रहे हैं, जिनमें अमृत भारत योजना के तहत रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाएं शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि रेल और सड़क के बाद अब हवाई संपर्क का नया अध्याय कोटा के विकास को और गति देगा।
प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि देश में वर्ष 2014 में जहां केवल 70 हवाई अड्डे थे, वहीं अब इनकी संख्या बढ़कर 160 से अधिक हो गई है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार के प्रयासों से देश और राज्यों में तेजी से विकास हो रहा है और विकसित राजस्थान की मजबूत नींव विकसित भारत के संकल्प को और मजबूत बना रही है।