पंजाब में अवैध हथियार सप्लाई मॉड्यूल का पर्दाफाश, नाबालिग समेत दो गिरफ्तार
- Post By Admin on Mar 09 2026
चंडीगढ़ : पंजाब पुलिस ने खुफिया सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में एक नाबालिग समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से पांच देसी पिस्तौल (7.65 एमएम) भी बरामद की हैं।
इस संबंध में पंजाब पुलिस के महानिदेशक ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए बताया कि कपूरथला पुलिस की कार्रवाई में यह सफलता मिली है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई विशेष ऑपरेशन के तहत की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे हैंडलरों के निर्देश पर काम कर रहे थे। इनके संपर्क फिलीपींस और संयुक्त अरब अमीरात में मौजूद कुछ संदिग्ध लोगों से जुड़े हुए थे, जो पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहे थे।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने अवैध हथियार मध्य प्रदेश से खरीदे थे और उन्हें पंजाब में सक्रिय आपराधिक गिरोहों तक पहुंचाने की योजना बनाई गई थी। इन हथियारों का इस्तेमाल इलाके में फायरिंग, धमकी देने और जबरन वसूली जैसी आपराधिक गतिविधियों के लिए किया जाना था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह नेटवर्क काफी संगठित तरीके से काम कर रहा था और इसके तार विदेशों तक जुड़े हुए हैं। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस मॉड्यूल से जुड़े अन्य लोगों तथा हथियारों की पूरी सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
पंजाब पुलिस ने कहा है कि राज्य में अवैध हथियारों के नेटवर्क को समाप्त करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे ऑपरेशन आगे भी किए जाते रहेंगे।