कोलकाता : कोलकाता से मुंबई आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब विमान के अंदर हाईजैक की धमकी वाला एक हस्तलिखित नोट मिला। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और विमान को सामान्य पार्किंग क्षेत्र से हटाकर आइसोलेशन बे में ले जाया गया।

इसके बाद विमान में सवार 92 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सुरक्षा कर्मियों ने विमान की तलाशी शुरू की और संदिग्ध वस्तुओं की जांच की। इस दौरान एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। घटना के बाद यात्रियों में चिंता का माहौल रहा। सुरक्षा एजेंसियां धमकी भरे नोट की जांच कर रही हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इसे विमान में किसने और किस उद्देश्य से रखा था। फिलहाल किसी विस्फोटक या वास्तविक हाईजैक की पुष्टि नहीं हुई है। सुरक्षा जांच के बाद ही विमान के आगे के संचालन को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।