पूर्णिया: बिहार के पूर्णिया जिले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA), इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB), एटीएस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से हड़कंप मच गया। मधुबनी थाना क्षेत्र के कृष्णापुरी यादव टोला में छापेमारी कर सुरक्षा एजेंसियों ने शाहिद अख्तर नामक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों और कथित पाकिस्तानी संपर्कों की जांच के सिलसिले में की गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया पर कई चैटिंग ग्रुप संचालित कर रहा था। जांच के दौरान एक ग्रुप में पाकिस्तानी नंबर मिलने की बात सामने आई है। अधिकारियों का आरोप है कि इन ग्रुपों के माध्यम से भड़काऊ और नफरत फैलाने वाली बातचीत की जा रही थी। छापेमारी के दौरान मोबाइल और लैपटॉप सहित डिजिटल उपकरणों की जांच की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी के संपर्क किन लोगों से थे और इस नेटवर्क का विस्तार किन-किन राज्यों या देशों तक है। पूर्णिया के एसएसपी ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है। आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी। इस कार्रवाई के बाद बिहार में संदिग्ध ऑनलाइन नेटवर्क और साइबर गतिविधियों को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता बढ़ गई है।
•खबर में तस्वीर सांकेतिक है
















