बागपत: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में दिवाली के दौरान पटाखे फोड़ने को लेकर हुआ विवाद हिंसक हो गया। पड़ोसियों के बीच शुरू हुई कहासुनी के बाद गोलीबारी की घटना हुई, जिसमें राष्ट्रपति के बॉडीगार्ड के रूप में तैनात एक जवान के सिर में गोली लग गई। गंभीर हालत में जवान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, जवान दिवाली की छुट्टी पर अपने गांव आया हुआ था। इसी दौरान पटाखे जलाने को लेकर पड़ोसियों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि गोली चला दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विवाद में शामिल लोगों के बीच पहले से कहासुनी हुई थी। पुलिस आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। इस घटना ने त्योहार के दौरान मामूली विवादों के हिंसक रूप लेने और गांवों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
*खबर में तस्वीर सांकेतिक है

















