लखीसराय : बिहार सरकार के कृषि मंत्री एवं लखीसराय के विधायक विजय कुमार सिन्हा ने बुधवार को छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर लखीसराय और बड़हिया क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किऊल नदी और शहर के पोखरों के घाटों के साथ बड़हिया गंगा घाट तथा प्रखंड के अन्य छठ घाटों पर उपलब्ध सुविधाओं और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। घाटों पर साफ-सफाई की व्यवस्था देखकर मंत्री ने संतोष जताया और शेष तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने छठव्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने घाटों पर बैरिकेडिंग, प्रकाश, पेयजल, चेंजिंग रूम और वाच टावर की व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही सुरक्षा इंतजामों को लेकर अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठव्रतियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। घाटों के निरीक्षण के बाद मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने लखीसराय सर्किट हाउस में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और अन्य वरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें छठ पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था, घाटों की साफ-सफाई, रोशनी, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर चर्चा हुई। मंत्री ने अधिकारियों को सभी आवश्यक इंतजाम समय रहते पूरा करने और पर्व के दौरान सतर्कता बनाए रखने का निर्देश दिया।

शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर भी मंत्री ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने यातायात सुचारु रखने के निर्देश दिए। वहीं, स्टैंड संचालकों द्वारा अवैध वसूली की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा। इस दौरान शहर के सौंदर्यीकरण और पर्यावरण संरक्षण का मुद्दा भी उठा। मंत्री ने कृषि विभाग के अधिकारियों को शहर में उपलब्ध कृषि फार्म और बागवानी की जमीन चिह्नित कर वहां पौधारोपण कराने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इससे शहर में हरित क्षेत्र का विस्तार होगा और पर्यावरण संरक्षण के साथ शहर की सुंदरता भी बढ़ेगी।

मंत्री ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था, संस्कृति, पवित्रता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। प्रशासन की जिम्मेदारी है कि प्रत्येक छठव्रती पूरी श्रद्धा और सुरक्षा के साथ भगवान भास्कर एवं छठी मइया की आराधना कर सके। उन्होंने लखीसराय सहित बिहारवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं भी दीं।

निरीक्षण और बैठक के दौरान अपर समाहर्ता नीरज कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार सहित प्रशासनिक एवं नगर परिषद के अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष देवानंद साहू, महामंत्री सनोज साहू, प्रमोद कुशवाहा, अमरजीत प्रजापति, जिला मंत्री हिमांशु पटेल, जिला उपाध्यक्ष गौतम मंडल और चंदन यादव, मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा, नगर अध्यक्ष मुकुल सिंह एवं धनंजय विभोर, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सोनू चंद्रवंशी, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष विकास आनंद सहित कई कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित थे।