कोलकाता: पश्चिम बंगाल के हावड़ा में ज्वेलरी दुकान से करीब एक करोड़ रुपये के गहने लूटने के मामले में बिहार कनेक्शन सामने आया है। बिहार एसटीएफ और बंगाल पुलिस की संयुक्त जांच में लूटकांड के तार मुजफ्फरपुर से जुड़े मिले हैं। इस मामले में पुलिस ने पटना जिले के बख्तियारपुर और अथमलगोला इलाके से सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लूटे गए गहनों के साथ हथियार, मोबाइल फोन और लैपटॉप भी बरामद किए हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार, पांच नवंबर को हावड़ा में ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाकर बदमाशों ने करीब एक करोड़ रुपये के आभूषण लूट लिए थे। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस अब मुजफ्फरपुर में गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश कर रही है। आशंका है कि लूटकांड में शामिल कुछ आरोपी अभी फरार हैं और लूटे गए गहनों का कुछ हिस्सा भी बरामद होना बाकी है।
इस मामले ने अंतरराज्यीय अपराध नेटवर्क की सक्रियता को उजागर किया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह के सदस्य किन जिलों में सक्रिय थे और लूटे गए गहनों को कहां खपाने की योजना थी।
















