PMLA केस में फंसे पंजाब मंत्री संजीव अरोड़ा, ED ने किया गिरफ्तार
- Post By Admin on May 09 2026
चंडीगढ़ : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शनिवार को पंजाब सरकार के उद्योग मंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता संजीव अरोड़ा को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दर्ज नए मामले में की गई है।
अधिकारियों के अनुसार, ईडी ने शनिवार सुबह सबसे पहले चंडीगढ़ स्थित मंत्री संजीव अरोड़ा के सरकारी आवास पर छापेमारी की थी। इसके बाद पूछताछ के दौरान उन्हें हिरासत में लिया गया। ईडी का आरोप है कि जांच के दौरान संजीव अरोड़ा सहयोग नहीं कर रहे थे, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।
सूत्रों के मुताबिक, ईडी ने उत्तर भारत के पांच अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी अभियान चलाया। इसमें दिल्ली के दो परिसरों के अलावा गुरुग्राम के उद्योग विहार स्थित हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड कंपनी का कार्यालय भी शामिल था। जांच एजेंसी कथित मनी लॉन्ड्रिंग और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन से जुड़े मामलों की जांच कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि 62 वर्षीय संजीव अरोड़ा को स्थानीय अदालत में पेश किया जा सकता है, जहां ईडी उनसे विस्तृत पूछताछ के लिए रिमांड की मांग करेगी।
संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी ने इस कार्रवाई को राजनीतिक दबाव और केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का मामला बताया है। वहीं भाजपा की ओर से फिलहाल इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।