शिवराज सिंह चौहान ने किया पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा, किसानों को दिया राहत का भरोसा

  • Post By Admin on Sep 04 2025
शिवराज सिंह चौहान ने किया पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा, किसानों को दिया राहत का भरोसा

चंडीगढ़ : पंजाब में आई बाढ़ से फसलें बर्बाद होने के बाद किसानों की चिंता बढ़ गई है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा नेता तरुण चुघ और केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने गुरुवार को पंजाब के कई बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया।

इस दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "मैं किसानों की स्थिति का जायजा लेने आया हूं। लगातार पानी भरने से फसलें बर्बाद हो गई हैं, खासकर धान के खेतों को काफी नुकसान हुआ है। हमने क्षेत्र का दौरा कर स्थिति का मूल्यांकन किया है और उचित समाधान निकाले जाएंगे।"

किसानों को भरोसा दिलाते हुए उन्होंने कहा कि उनकी फसल और नुकसान की पूरी रिपोर्ट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजी जाएगी। "आप चिंता न करें, आपका जो भी नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री इस संकट से निपटने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।"

शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि गन्ना भी पूरी तरह बर्बाद हो गया है और दो केंद्रीय टीमें स्थिति का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार कर रही हैं। केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने किसानों को सांत्वना दी और बताया कि प्रधानमंत्री ने दो विशेष टीम भेजी हैं जो प्रभावित इलाकों में फसलों का मूल्यांकन कर रही हैं।

केंद्रीय मंत्रियों ने डेरा बाबा नानक के गांव धर्मकोट सहित अन्य प्रभावित इलाकों का दौरा किया। यहां उन्होंने किसानों और ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी और राहत कार्यों की जानकारी ली।

केंद्रीय मंत्री और उनकी टीम ने प्रभावित किसानों को आश्वासन दिया कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर जल्द ही उनके नुकसान की भरपाई करेंगे। यह दौरा किसानों के मनोबल को बढ़ाने और बाढ़ प्रभावित इलाकों में तुरंत मदद पहुंचाने का प्रयास माना जा रहा है।