AAP सांसद अशोक मित्तल के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी, पंजाब की सियासत गरमाई

  • Post By Admin on Apr 15 2026
AAP सांसद अशोक मित्तल के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी, पंजाब की सियासत गरमाई

जालंधर : पंजाब से आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के घर और कारोबारी ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छापेमारी की है। ईडी की टीमों ने जालंधर स्थित उनके आवास, विश्वविद्यालय सहित कुल 9 स्थानों पर जांच शुरू की है। कार्रवाई के दौरान उनके घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

जानकारी के अनुसार, जालंधर और फगवाड़ा में लवली ग्रुप से जुड़े कई ठिकानों—लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, लवली ऑटोज, लवली स्वीट्स और लवली डिस्टेंस एजुकेशन सेंटर—पर भी छापेमारी की गई है। इसके अलावा उनके परिजनों, जिनमें रमेश मित्तल और नरेश मित्तल के ठिकाने भी शामिल हैं, पर जांच जारी है।

गौरतलब है कि हाल ही में आप ने राघव चड्ढा को राज्यसभा उपनेता पद से हटाकर अशोक मित्तल को यह जिम्मेदारी सौंपी थी। मित्तल लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के संस्थापक और कुलाधिपति हैं तथा वर्ष 2022 में राज्यसभा सांसद बने थे।

इस कार्रवाई के बाद पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए इस छापेमारी को राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए इसे “चुनावी तैयारी” करार दिया। वहीं आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी आरोप लगाया कि यह कदम राजनीतिक दबाव बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है।

हालांकि, ईडी की ओर से इस मामले में अभी तक आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।