पटना : भगवान श्री चित्रगुप्त पूजा महोत्सव के अवसर पर चित्रगुप्त सामाजिक संस्थान की ओर से मंगलवार को गिरिराज उत्सव पैलेस में सांस्कृतिक संध्या सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में साहित्य, कला, संस्कृति, संगीत, चिकित्सा, शिक्षा और समाजसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 53 विभूतियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संस्थान की स्मारिका ‘कलमजीवी’ का भी लोकार्पण किया गया।

समारोह का उद्घाटन नागालैंड के राज्यपाल नंदकिशोर यादव ने किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद रविशंकर प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि पद्मश्री डॉ. गोपाल प्रसाद सिन्हा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। विधान पार्षद डॉ. संजय मयूख, पटना की महापौर सीता साहू, पूर्व कुलपति प्रो. केसी सिन्हा, बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष डॉ. अनिल सुलभ और राजेश बल्लव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। अपने संबोधन में राज्यपाल नंदकिशोर यादव ने कहा कि भगवान श्री चित्रगुप्त का आदर्श ज्ञान, लेखन, कर्म और न्याय का संदेश देता है। ऐसे आयोजन समाज की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के साथ प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।

मुख्य अतिथि रविशंकर प्रसाद ने कहा कि कायस्थ समाज की गौरवशाली परंपरा ज्ञान, शिक्षा, प्रशासन, साहित्य और राष्ट्र निर्माण में योगदान की रही है। इस विरासत को आगे बढ़ाने और नई पीढ़ी को इससे जोड़ने की जरूरत है। वहीं, पद्मश्री डॉ. गोपाल प्रसाद सिन्हा ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। ऐसे कार्यक्रम सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूती देते हैं।

समारोह में बिहार राज्यगीत के रचयिता कविवर सत्यनारायण की स्मृति में झारखंड के वरिष्ठ साहित्यकार निरंजन प्रसाद श्रीवास्तव को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। इसके अलावा डॉ. आरती कुमारी, डॉ. एसके मल्लिक, मधुरेश नारायण, बरखा सिन्हा, प्रो. सुधा सिन्हा, डॉ. राश दादा ‘राश’, डॉ. ऋचा वर्मा, निशीथ वर्मा, डॉ. अमृता सिन्हा, मनीषा श्रीवास्तव, अभिलाष कुमार दत्ता, डॉ. किशोर सिन्हा, डॉ. अमिताभ कुमार वर्मा, संजय कुमार सिन्हा (मुकुल), अखिलेश्वर प्रसाद सिन्हा, प्रमोद बहादुर माथुर, सुरेंद्र शैल, डॉ. विमल मुकेश, अभिजीत श्रीवास्तव, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. नीलिमा वर्मा, जगत नंदन प्रसाद, अपूर्वा वर्मा, नवीन श्रीवास्तव, प्रो. जितेंद्र मोहन, राजेश कुमार कंठ, श्रेयसी श्रीवास्तव सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राजेंद्र मेघा पुरस्कार भी प्रदान किए गए। आस्था सिन्हा, निष्ठा, कीर्ति रानी, अनंत आकाश और लावण्या रवि को यह पुरस्कार दिया गया। सम्मान के साथ उन्हें पुरस्कार राशि भी प्रदान की गई।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित सांस्कृतिक संध्या में प्रेम कुमार, कुमार संभव, राकेश कुमार, वंशिका सिन्हा, सार्थक सक्सेना, आकांक्षा सिन्हा, मेघाश्री अंजुम, टिया वर्मा, अश्वनी वर्मा, स्मिता वर्मा, सिम्मी माला, विक्की कुमारी, अंश वर्मा और उजाला राज सहित अन्य कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। संस्थान के अध्यक्ष गणेश प्रसाद सिन्हा ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन और धन्यवाद ज्ञापन कमल नयन श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने कहा कि चित्रगुप्त सामाजिक संस्थान सामाजिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से समाज को जोड़ने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने समारोह को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अतिथियों, कलाकारों और संस्थान के सदस्यों के प्रति आभार जताया।