महिलाओं की आत्मनिर्भरता को बढ़ावा, लखीसराय में जल्द खुलेगा जीविका दीदी हाट

  • Post By Admin on Jul 23 2026
महिलाओं की आत्मनिर्भरता को बढ़ावा, लखीसराय में जल्द खुलेगा जीविका दीदी हाट

लखीसराय : जिले में ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक नई पहल शुरू होने जा रही है। लखीसराय के हलसी प्रखंड कार्यालय परिसर में जल्द ही अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त जीविका दीदी हाट का संचालन शुरू किया जाएगा। इस हाट के माध्यम से जीविका से जुड़ी 12 से अधिक महिलाएं स्वरोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ाएंगी।

जीविका दीदी हाट को ग्रामीण महिलाओं के लिए उद्यमिता और आजीविका का केंद्र बनाया जाएगा। यहां ताजी एवं पौष्टिक फल-सब्जियों के अलावा शुद्ध और स्वास्थ्यवर्धक खाद्य पदार्थ, किराना, स्टेशनरी, सिलाई, श्रृंगार, दूध-पनीर, मछली-मांस, जन औषधि, कृषि उद्यमी केंद्र, सैलून सहित विभिन्न प्रकार की दुकानें संचालित की जाएंगी। इन सभी दुकानों का संचालन जीविका दीदियों द्वारा किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बाजार तक पहुंच को सरल, सुरक्षित और समावेशी बनाना है। इसके माध्यम से स्थानीय किसानों, विक्रेताओं और घरेलू उद्यमियों को स्वच्छ एवं बेहतर बाजार उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे गुणवत्तापूर्ण उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण आजीविका को नई मजबूती मिलेगी।

जीविका दीदी हाट का संचालन अधिकार जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी लिमिटेड द्वारा किया जाएगा। इसके प्रबंधन के लिए पांच सदस्यीय दीदी हाट प्रबंधन समिति गठित होगी। साथ ही सुरक्षा एवं साफ-सफाई के लिए भी अलग से कर्मियों की नियुक्ति की जाएगी। जिला कार्यालय, जीविका द्वारा हाट के संचालन की नियमित निगरानी और मूल्यांकन किया जाएगा। हाट में दुकानों के संचालन के लिए जीविका दीदियों का चयन उनके कौशल और लॉटरी प्रणाली के आधार पर किया जाएगा। इसी को लेकर गुरुवार को जीविका जिला कार्यालय सभागार में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें राज्य परियोजना प्रबंधक (गैर कृषि) समीर कुमार ने अधिकार जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी लिमिटेड के निदेशकों एवं संबंधित प्रबंधकों को हाट संचालन की विस्तृत जानकारी दी। वहीं, इन्फ्यूजन से स्वीटी और माइक्रोसेव के नरेंद्रजीत सिंह ने भी संचालन प्रक्रिया पर प्रशिक्षण दिया।

प्रभारी प्रबंधक (गैर कृषि) रंजन कुमार ने बताया कि पोस्टर, कहानी, नुक्कड़ नाटक और अन्य जनसंचार माध्यमों के जरिए ग्रामीणों को पौष्टिक खाद्य पदार्थों के महत्व और जीविका दीदी हाट की उपयोगिता के प्रति जागरूक किया जाएगा। जिला परियोजना प्रबंधक अनीता कुमारी ने जीविका दीदियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह हाट ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।