मद्य निषेध विभाग की कार्यवाई तेज, शराब पीने और बेचने के आरोप में 11 गिरफ्तार
- Post By Admin on Jul 23 2026
लखीसराय : मद्य निषेध थाना, लखीसराय की टीम ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक छापेमारी अभियान चलाकर शराब तस्करी और सेवन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को हुई इस कार्रवाई में कुल 11 लोगों को शराब बेचने और सेवन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। अभियान के दौरान भारी मात्रा में देशी, विदेशी और चुलाई शराब के साथ जावा महुआ घोल भी बरामद किया गया।
मद्य निषेध थाना की टीम ने लखीसराय थाना क्षेत्र के चरोखरा गांव में छापेमारी कर शराब तस्करी के आरोप में नीरज कुमार को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 70 लीटर चुलाई शराब और 100 किलोग्राम जावा महुआ घोल बरामद किया गया। मानिकपुर थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव में कार्रवाई के दौरान संजीव कुमार को शराब बेचने और सेवन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 1.5 लीटर चुलाई शराब जब्त की गई। वहीं कजरा रेलवे फाटक के पास से सोनू पासवान को 1.215 लीटर विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।
लखीसराय थाना क्षेत्र के संतर मोहल्ला में शराब के सेवन के आरोप में अमित कुमार, राहुल राज और राहुल कुमार को गिरफ्तार किया गया। इसी प्रकार सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के अलीनगर रोड से सुरेंद्र यादव और अशोक साव को शराब पीने के आरोप में हिरासत में लिया गया। बड़हिया उत्पाद थाना के समीप भी कार्रवाई करते हुए समस्तीपुर और सारण जिले के रहने वाले प्रियांशु कुमार, अनुज कुमार और रौशन सिंह को शराब सेवन के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
मद्य निषेध थाना पुलिस ने सभी आरोपितों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में शराब तस्करी और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।