चेहल्लुम को शांतिपूर्ण बनाने की तैयारी, डीएम ने अधिकारियों को दिए सतर्कता और समन्वय के निर्देश

  • Post By Admin on Aug 04 2026
चेहल्लुम को शांतिपूर्ण बनाने की तैयारी, डीएम ने अधिकारियों को दिए सतर्कता और समन्वय के निर्देश

लखीसराय: चेहल्लुम-2026 के अवसर पर जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर सोमवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने की। इसमें विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों एवं शांति समिति के सदस्यों ने भाग लिया।

बैठक की शुरुआत में जिला पदाधिकारी ने सभी उपस्थित सदस्यों का स्वागत करते हुए चेहल्लुम पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं समाज के प्रबुद्ध लोगों से उनके क्षेत्रों की समस्याओं, सुझावों और फीडबैक भी प्राप्त किए। बैठक के दौरान शांति समिति के सदस्यों ने बताया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में चेहल्लुम के अवसर पर जुलूस या इस प्रकार के आयोजनों की परंपरा नहीं है। संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों ने भी जानकारी दी कि उनके क्षेत्रों में चेहल्लुम से जुड़े जुलूस आयोजित नहीं किए जाते हैं।

इस पर जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि भले ही जुलूस का प्रचलन नहीं हो, फिर भी सभी संबंधित व्यक्तियों एवं समितियों को प्रशासन द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का शत-प्रतिशत पालन करना होगा। उन्होंने कहा कि एहतियात के तौर पर सभी संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी, जिसके लिए आदेश जारी किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, असामाजिक गतिविधि या शांति भंग करने की कोशिश पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विधि-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने जिलेवासियों से चेहल्लुम का पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के वातावरण में मनाने की अपील करते हुए प्रशासन को सहयोग करने का आग्रह किया। साथ ही कहा कि जिला प्रशासन विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है। बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने सभी उपस्थित सदस्यों को चेहल्लुम एवं श्रावणी मेले के सफल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। बैठक में स्थापना उपसमाहर्ता शशि कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि, सिविल सर्जन डॉ. जयप्रकाश सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।