अशोक धाम में अवैध पार्किंग पर कार्रवाई, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए डीटीओ ने किया निरीक्षण
- Post By Admin on Aug 04 2026
लखीसराय: श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहा है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार के निर्देश पर सोमवार को जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) एवं मोटर वाहन निरीक्षक (MVI) ने अशोक धाम मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि मंदिर परिसर तथा मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर किसी भी प्रकार की वाहन पार्किंग न हो। इस दौरान गलत तरीके से खड़े किए गए वाहनों को तत्काल हटवाया गया, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो और भीड़ के दौरान जाम की स्थिति से बचा जा सके। अधिकारियों ने सड़क किनारे लगाए गए ठेलों और अस्थायी दुकानों का भी निरीक्षण किया। जिन स्थानों पर इनके कारण यातायात बाधित होने अथवा जाम लगने की संभावना थी, वहां से उन्हें हटवाया गया। साथ ही दुकानदारों और ठेला संचालकों को भविष्य में सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दी गई।
निरीक्षण के दौरान वृद्ध एवं दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए संचालित निःशुल्क टोटो सेवा का भी भौतिक सत्यापन किया गया। अधिकारियों ने टोटो परिचालन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित कर्मियों को सेवा का निर्बाध संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि जरूरतमंद श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। जिला प्रशासन ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और बेहतर व्यवस्थाओं को बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है तथा आवश्यकतानुसार कार्रवाई भी की जा रही है।