लखीसराय में 12 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा, डीएम ने तैयारियों को लेकर दिए अहम निर्देश
- Post By Admin on Aug 04 2026
लखीसराय: समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में सोमवार को जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़ी योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी ने बताया कि बिहार के मुख्य सचिव के निर्देशानुसार आगामी 12 अगस्त 2026 को जिले में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक प्रखंड में जीविका के माध्यम से लगभग चार हजार तिरंगों की खरीद की जाएगी, जिसके लिए प्रति प्रखंड एक लाख रुपये का आवंटन किया जाएगा। उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को शीघ्र अधियाचन भेजने तथा अपने-अपने क्षेत्रों में तिरंगा यात्रा का विस्तृत रूट और कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि समाहरणालय से शहीद स्थल, लखीसराय तक भी तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें पुलिस बल, विभिन्न विभागों के कर्मियों और आम नागरिकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में जिला विकास शाखा द्वारा पूर्व बैठक में लिए गए निर्णयों की प्रगति रिपोर्ट पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से प्रस्तुत की गई। इसके बाद लंबित एसी/डीसी पत्रों एवं नीलाम पत्र वादों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में जिले में 27 नीलाम पत्र पदाधिकारी कार्यरत हैं, जिससे नीलामी संबंधी मामलों के शीघ्र निष्पादन की उम्मीद है। जिलाधिकारी ने इस प्रक्रिया में और तेजी लाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जिला प्रशासन के आधिकारिक फेसबुक पेज की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि सभी विभाग अपने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सूची तैयार करें और यह सुनिश्चित करें कि सभी ने जिला प्रशासन के सोशल मीडिया पेज को फॉलो कर लिया है। जिन कर्मचारियों ने अभी तक ऐसा नहीं किया है, उन्हें शीघ्र यह प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया।
बैठक में कल्याण विभाग के अंतर्गत सावित्रीबाई फुले छात्रावास निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने के मामले की भी समीक्षा की गई। साथ ही पंचायत सरकार भवनों के निर्माण की प्रगति पर चर्चा करते हुए निर्देश दिया गया कि जिन पंचायतों में अभी तक भूमि का चयन नहीं हुआ है, वहां शीघ्र भूमि चयन की प्रक्रिया पूरी की जाए तथा निर्माणाधीन भवनों की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। इसके अलावा मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप, अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई, भू-अर्जन, भूमि उपलब्धता, मद्य निषेध, सेवा संवाद, समाधान, जन शिकायत निवारण, क्यूसीएम तथा आपदा प्रबंधन सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि विभागीय लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें तथा सरकार की सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर आम लोगों तक उनका अधिकतम लाभ पहुंचाएं।
बैठक में स्थापना उपसमाहर्ता शशि कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सिविल सर्जन डॉ. जयप्रकाश सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।